त्रिवेणी आने वाली पीढि़यों के लिए वरदान, शास्त्रों में है विशेष महत्व : ममता बंसल
त्रिवेणी आने वाली पीढि़यों के लिए वरदान शास्त्रों में है विशेष महत्व ममता बंसल
जागरण संवाददाता, करनाल : समाधानांचल सेवा समिति की राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट संतोष यादव द्वारा चलाए जा रहे त्रिवेणी लगाने के पुण्य कार्य को आगे बढ़ाते हुए जॉयलेप स्कूल की डायरेक्टर ममता बंसल ने स्कूल के बाहर बने पार्क में अपने जन्मदिवस पर 482वीं त्रिवेणी लगाई। जॉयलेप स्कूल की डायरेक्टर ममता बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि त्रिवेणी बड़, नीम और पीपल तीन पेड़ो का संगम होता है। त्रिवेणी हमे हमारी संस्कृति से जुड़ने का संदेश देती हैं। इसे ब्रह्मा, विष्णु और महेश के रूप में देखते हैं। उन्होंने कहा कि त्रिवेणी हमे आध्यात्मिकता से जोड़ती हैं और यह आने वाली पीढि़यों के लिए वरदान हैं। उन्होंने कहा कि हर इंसान को अपना जन्मदिवस त्रिवेणी लगाकर मनाना चाहिए ताकि आने वाली पीढि़यों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जहां त्रिवेणी लगी होती हैं वहां हर पल सकारात्मक उर्जा का प्रवाह होता हैं। त्रिवेणी प्राणियों में प्राणों का संचार करती हैं और जब तक पृथ्वी पर प्राकृतिक संतुलन बिगड़ता है तब त्रिवेणी सहयोग प्रदान करती है।