पेड़ हमारे जीवनदाता, संरक्षित करने में न दिखाएं हिचकिचाहट : यशपाल मित्तल
सेक्टर-6 के डे केयर सेंटर में शुक्रवार को वरिष्ठ नागरिक दैनिक जागरण के पौधरोपण अभियान का हिस्सा बने। सेंटर के अंदर ही निवर्तमान पार्षद यशपाल मित्तल ने पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जागरण संवाददाता, करनाल : सेक्टर-6 के डे केयर सेंटर में शुक्रवार को वरिष्ठ नागरिक दैनिक जागरण के पौधरोपण अभियान का हिस्सा बने। सेंटर के अंदर ही निवर्तमान पार्षद यशपाल मित्तल ने पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि धरती पर जीवन के लिए अत्यंत जरूरी तत्वों में से जल और ऑक्सीजन प्रमुख हैं। हम यह भी जानते हैं कि धरती पर ऑक्सीजन के मुख्य स्त्रोत पेड़ ही हैं लेकिन हम इन्हें संरक्षित करने में हिचकिचा रहे हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए। पेड़ होंगे तो हमारा जीवन चलेगा।
मित्तल ने कहा कहा कि पेड़-पौधे हमारे वायुमंडल में उद्योग तथा मानवीय कचरे आदि के कारण अनेक जहरीली गैस तथा रसायन मिल जाते हैं। इन जहरीली गैस तथा रसायनों को वायुमंडल से साफ करने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए हमें पौधे ज्यादा से ज्यादा लगाने चाहिए। अल्ट्रावायलेट किरणों से बचाने में पेड़ों द्वारा हमें एक मजबूत कवच प्रदान किया जाता है। जिससे त्वचा कैंसर तथा अन्य बीमारियों से सुरक्षा मिलती है। सबसे अहम बात यह है कि पेड़ वर्षा लाने में भी सहायक होते हैं। जहां पर पेड़-पौधों की संख्या ज्यादा होती है। वहां पर बरसात भी ज्यादा होती है।
पौधारोपण अभियान में पहुंचे गिरधर, डॉ. धवन, विष्णु शर्मा, विजय खेड़ा, ओपी सचदेवा, एके कालरा, डॉ. चारू, सुनीता कुमारी, सुनीता गिरधर, मीना धवन, संतोष व पुष्पा कालड़ा आदि ने दैनिक जागरण की मुहिम की सराहना करते हुए इससे लगातार जुड़े रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियान से पर्यावरण संरक्षण होता है। यह जिम्मेदारी केवल अखबार की नहीं, बल्कि हर व्यक्ति की होनी चाहिए, क्योंकि हम सभी खुली हवा में सांस ले रहे हैं तो सिर्फ पेड़-पौधों के कारण।