डॉ. राजीव गुप्ता को नम आंखों के बीच दी अंतिम विदाई
अमृतधारा अस्पताल के संचालक डॉ. राजीव गुप्ता को शहरवासियों ने नम आंखों से अंतिम विदाई। लोगों ने डॉ. गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
जागरण संवाददाता, करनाल : अमृतधारा अस्पताल के संचालक डॉ. राजीव गुप्ता को शहरवासियों ने नम आंखों से अंतिम विदाई। लोगों ने डॉ. गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। चिकित्सकों, समाजसेवियों, बुद्धजीवियों सहित विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने उनकी अंतिम यात्रा में भाग लिया। जुंडला गेट स्थित शिवपुरी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। डॉ. ध्रुव गुप्ता ने पिता को मुखाग्नि दी।
डॉ. राजीव गुप्ता की हत्या शनिवार को तीन बदमाशों ने कर दी थी। रविवार को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। दोपहर डेढ़ बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद शव को आइटीआइ चौक स्थित अमृतधारा माई अस्पताल के साथ स्थित आवास पर लाया गया। जहां से दोपहर बाद सवा चार बजे के करीब उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई। आइटीआइ चौक से माडल टाउन, बस स्टैंड, कर्ण गेट, चौड़ा बाजार, बांसो गेट से होते हुए जुंडला गेट शिवपुरी तक अंतिम यात्रा में नम आंखों के साथ लोग शामिल होते गए। विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि डॉ. राजीव गुप्ता हमेशा मदद के लिए तैयार रहते थे। वह अपनी कार्यशैली के लिए भी खासे पहचानते जाते थे। चिकित्सा जगत के साथ साथ उन्होंने हमेशा सामाजिक गतिविधियों में आगे बढ़कर भाग लिया। जरूरतमंदों के लिए समय समय पर चिकित्सा शिविर भी आयोजित करते रहते थे।