घरौंडा में नपा उपप्रधान की कुर्सी का फैसला आज
प्रशासन ने नगरपालिका उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सभी तैयारियां
संवाद सहयोगी, घरौंडा : प्रशासन ने नगरपालिका उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को सुबह साढ़े ग्यारह बजे चुनाव प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। वाइस चेयरमैन की कुर्सी के लिए दो उम्मीदवारों के बीच आमने-सामने की टक्कर होनी लगभग तय है। तीन धड़ों बंटे नगरपालिका के 17 पार्षदों के एक ग्रुप ने वार्ड आठ के पार्षद रामसिंह व दूसरे धड़े ने वार्ड एक के पार्षद जयनारायण पर दांव खेला है। हालांकि उम्मीदवारों के नाम चुनाव नामांकन के समय ही साफ होंगे। प्रशासन ने नगरपालिका उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए 24 अगस्त की तारीख निर्धारित की है। उपायुक्त द्वारा जारी पत्र के अनुसार चुनाव का एजेंडा जारी भी हो चुका है। कंवलजीत प्रिस द्वारा नगरपालिका उपप्रधान पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद से पार्षदों के बीच उपाध्यक्ष की कुर्सी को लेकर सरगर्मियां चल रही हैं। मौजूदा सदन के कार्यकाल में यह दूसरा मौका है जब कुर्सी के लिए पार्षदों में उठापटक होगी। इससे पहले बीते वर्ष फरवरी माह में तेरह पार्षदों ने सुभाष गुप्ता के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास कर सुभाष गुप्ता को प्रधान की कुर्सी से हटा दिया था। कुर्सी की जंग को लेकर वर्तमान अध्यक्ष अमरीक सिंह की खिलाफत पर उतरे आठ पार्षद रामसिंह नेहरा को उपाध्यक्ष बनाना चाहते है। वहीं प्रधान गुट के सात पार्षदों में से जयनारायण का नाम वाइस चेयरमैन की दौड़ में आगे किया गया है। आंकड़ों के जोड़ तोड़ को फिट करने के लिए दोनों गुट एक दुसरे में सेंध लगाने में जुटे हैं। पूर्व अध्यक्ष सुभाष गुप्ता व वार्ड तीन के पार्षद जयभगवान को तीसरे खेमे का माना जा रहा है, हालांकि इन दोनों का समर्थन भी रामसिंह के पक्ष में हो सकता है। ---बॉक्स---
दो घंटे तक चलेगी चुनाव प्रक्रिया
नपा उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर उपायुक्त करनाल द्वारा जारी किए गए निर्देशों के अनुसार चुनाव प्रक्रिया सोमवार सुबह 11 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगी। 12 बजे तक उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल करेंगे और 12:30 तक का समय आवेदन फार्म छंटनी के लिए निर्धारित किया गया है। दोपहर साढ़े 12 बजे से एक बजे तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापिस ले सकते हैं। दोपहर एक बजे से शुरू हुई वोटिग प्रक्रिया 45 मिनट चलेगी और चुनाव के तुरंत बाद परिणाम घोषित होगा। चुनाव की इस पूरी प्रक्रिया में सवा दो घंटे का समय लगेगा। ड्यूटी मैजिस्ट्रेट रमेश अरोड़ा ने बताया कि नगरपालिका कार्यालय में उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा। चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।