शिक्षकों ने किया रामायण का मंचन, बच्चों को बताया दशहरे का महत्व
वरिष्ठ वर्ग में दशहरा पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता पोस्टर मेकिग व मास्क मेकिग प्रतियोगिता में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
संवाद सहयोगी, घरौंडा : मधुबन स्थित डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में विजयादशमी महोत्सव मनाया गया। इसके तहत रामायण मंचन से लेकर भाषण व पोस्टर मेकिग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कनिष्ठ वर्ग के अध्यापकों ने रामायण का मंचन किया।
अध्यापकों ने स्वयं विभिन्न पात्रों की भूमिका निभाकर बालकों का मन मोहा और बुराई पर अच्छाई की विजय के महत्व से परिचित करवाया। मंचन के दौरान रानी कैकई का दशरथ से दो वचनों की मांग करना, राम वनगमन, सीता हरण, सीता माता की खोज, लंका दहन, लक्ष्मण मूर्छा तथा रावण वध प्रसंग का मंचन किया गया। इसके साथ ही रावण, मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतले जलाए गए।
वहीं वरिष्ठ वर्ग में दशहरा पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिग व मास्क मेकिग प्रतियोगिता में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। स्कूल प्रधानाचार्य मंतोष पाल सिंह ने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है।