ब्लैकमेल कर तांत्रिक करता रहा महिला से दुष्कर्म, अश्लील Video भी कर दी viral
तांत्रिक ने नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया और महिला की अश्लील वीडियो भी बना दी। बाद में महिला ने विरोध किया तो तांत्रिक ने उसकी अश्लील वीडियो वायरल कर दी।
जेएनएन, घरौंडा (करनाल)। सिर में दर्द रहने लगा तो महिला तांत्रिक के जाल में फंस गई। तांत्रिक ने कहा कि वह उसका इलाज कर देगा। महिला उसके झांसे में आ गई। एक दिन तांत्रिक ने नशीला पदार्थ पिलाया और उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद वह उसे ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करने लगा। बाद में महिला ने विरोध किया तो तांत्रिक ने उसकी अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। घटना गांव बरसत की है।
पीड़िता ने बताया कि कई महीनों से उसके सिर में दर्द रहता था। वह डॉक्टर के पास दवा लेने जा रही थी तो रास्ते में उसे तांत्रिक मिला। जब उसे समस्या बताई तो तांत्रिक ने उसको झाड़ फूंक कराने के लिए कहा। महिला तांत्रिक के घर चली गई।
तांत्रिक ने पानी में नशीला पदार्थ पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। बेहोशी की हालत में तांत्रिक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका अश्लील वीडियो बना लिया। महिला ने शिकायत में बताया कि तांत्रिक ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इस वीडियो के नाम पर उसके साथ एक महीने तक शारीरिक शोषण करता रहा और किसी को इस बात के बारे में बताए जाने पर जान से मारने की धमकी भी देता रहा।
तांत्रिक के बढ़ते शोषण का उसने विरोध किया तो उसकी अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत के आधार पर दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी, आइटी एक्ट, एससीएसी एक्ट, का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी रामदत्त ने बताया कि पीडि़ता की शिकायत पर आरोपित पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।