घरौंडा में तंबू लगाकर कर्मचारियों ने एसडीओ के खिलाफ की नारेबाजी
जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ पर दुर्व्यव्हार के आरोपों व लंबित मांगों के मामले ने तूल पकड़ लिया है। ऑल हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल कर्मचारी यूनियन कर्मचारियों के समर्थन में उतर आई है।
संवाद सहयोगी, घरौंडा : जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ पर दुर्व्यव्हार के आरोपों व लंबित मांगों के मामले ने तूल पकड़ लिया है। ऑल हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल कर्मचारी यूनियन कर्मचारियों के समर्थन में उतर आई है। घरौंडा जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने यूनियन के बैनर तले कार्यालय में तंबू लगाकर एसडीओ के खिलाफ नारेबाजी की।
यूनियन के पदाधिकारियों का कहना है कि एसडीओ गलती स्वीकार करनी होगी। ऑल हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल कर्मचारी यूनियन के बैनर तले घरौंडा जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने एसडीओ के अभद्रतापूर्ण रवैये एवं अपनी मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कर्मचारियों ने यूनियन राज्य प्रधान विश्वनाथ शर्मा के नेतृत्व में एसडीओ के खिलाफ नारेबाजी की।
राज्य प्रधान विश्वनाथ शर्मा, कर्मचारी राजबीर सिंह, राजेंद्र कुटेल का कहना है कि जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का एक शिष्टमंडल एसडीओ से वाटर वर्कशॉप में वाइट वॉश कराने, स्टाफ क्वाटरों की मरम्मत कराने, यूनियन कर्मचारियों के बैठने के लिए कमरे की डिमांड को लेकर मिला था। कर्मचारियों का आरोप है कि इलेक्ट्रिशियन के रूम से एसडीओ ने मिलीभगत कर पुराना सामान गायब किया है और वहां पर दूसरी यूनियन बैठा दी। एसडीओ प्रमोद कुमार ने कर्मचारियों के सभी आरोपों को निराधार बताया है। कर्मचारी उनसे कमरे की डिमांड कर रहे थे, जो उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है।