किसानों के बीच जमकर झूमे गायक बिट्टू
संवाद सहयोगी घरौंडा बसताड़ा टोल प्लाजा पहुंचे पंजाबी गायक बिट्टू खानेवाल ने किसानों के बीच
संवाद सहयोगी, घरौंडा: बसताड़ा टोल प्लाजा पहुंचे पंजाबी गायक बिट्टू खानेवाल ने किसानों के बीच प्रस्तुतियां दी। उन्होंने देश की प्रगति में किसानों के योगदान को सराहा। उनके साथ पहुंचे भारतीय किसान यूनियन पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष हरजिद्र सिंह बैनीपाल ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हितों पर गंभीर नहीं है।
सोमवार को पंजाबी गायक बिट्टू खानेवाल व प्रदेश अध्यक्ष बैनीपाल दर्जनों गाडिय़ों के काफिले के साथ पंजाब से सिघु बॉर्डर के लिए निकले थे। इस बीच वे कुछ देर बसताड़ा टोल प्लाजा पर रूके और किसानों के साथ विचार साझा किए। भाकियू जिलाध्यक्ष अजय सिंह राणा, किसान नेता हैप्पी औलख, रामपाल चहल ने उनका स्वागत किया। 26 जनवरी के घटनाक्रम के बाद रविवार से किसानों की क्रमिक भूख हड़ताल दोबारा शुरू हो गई है। सोमवार को हड़ताल के दूसरे दिन एक महिला सहित पांच लोग भूख हड़ताल पर बैठे।
बाधित नहीं होने देंगे यातायात
बसताड़ा टोल प्लाजा पर काफी महिलाओं ने भी हाजिरी दर्ज करवाई। हरियाणवी रागनी गायकों ने भी प्रस्तुति दी। भूख हड़ताल पर बरखा पालीवाल, शमशेर सिंह, जसबीर सिंह गोयत, प्रवीन वर्मा, शुभम सेन बैठे। किसान नेता अजय राणा ने करनाल में डीसी व एसपी के साथ हुई बैठक की जानकारी किसानों के साथ सांझा की। अजय राणा ने बताया कि प्रशासन ने बसताड़ा टोल पर चल रहे लंगर का स्थान बदलने की बात कही ताकि जीटी रोड पर धरनास्थल के पास ज्यादा भीड़ न हो और यातायात व्यवस्था बनी रहे। अजय ने कहा कि प्रशासन की बात को गंभीरता से लिया गया है और लंगर जल्द उचित स्थान पर ले जाने पर विचार करेंगे। किसानों की वजह से ट्रैफिक संचालन में कोई दिक्कत नहीं आएगी। सरकार पर साधा निशाना
बसताड़ा टोल पहुंचे पंजाबी गायक बिट्टू खानेवाल ने पत्रकारों से बातचीत में भाजपा सरकार को तानाशाह बताया। उन्होंने कहा कि हम कलाकार हैं और हमारा काम किसानों को जगाना है। यही हम कर रहे हैं। सरकार को कृषि कानून वापस लेने होंगे और एमएसपी कानून बनाना होगा।