धूल फांक रहा तरावड़ी का दिशासूचक बोर्ड
राष्ट्रीय राजमार्ग तरावड़ी की एंट्री पर लगा साइन बोर्ड कई महीनों से धूल फांक रहा है। तरावड़ी रेलवे ओवरब्रिज के नीचे स्थित कम्यूनिटी सेंटर में पड़ा यह बोर्ड सही जगह पर लगाए जाने की इंतजार में है।
संवाद सहयोगी, तरावड़ी : राष्ट्रीय राजमार्ग तरावड़ी की एंट्री पर लगा साइन बोर्ड कई महीनों से धूल फांक रहा है। तरावड़ी रेलवे ओवरब्रिज के नीचे स्थित कम्यूनिटी सेंटर में पड़ा यह बोर्ड सही जगह पर लगाए जाने की इंतजार में है। यहां पर अज्ञात चोर इस साइन बोर्ड से लोहा तोड़कर बेच रहे हैं, लेकिन नगरपालिका प्रशासन का इस ओर बिल्कुल भी ध्यान नही है। एक साल पहले जब तरावड़ी जीटी रोड से लेकर शहर तक डिवाइडर और सड़क को चौड़ा किया गया था, तब यह साइन बोर्ड उतारा गया था। डिवाइडर और सड़क बनने के बाद एक साल से ज्यादा का समय बीत गया लेकिन आज तक यह साइन बोर्ड नही लगाया गया, जिससे अनजान लोगों को तरावड़ी एंट्री करने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
तरावड़ी एंट्री पर साइन बोर्ड न लगा होने के कारण कई बार वाहन चालक शहर को पार कर नीलोखेड़ी की तरफ चले जाते हैं, जिससे उन्हें दिक्कत हो रही है।