विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारियों का होगा तबादला, 2027 में काम के आधार पर मिलेगी तैनाती

Published: Thu, 22 Oct 2026 06:50 PM (IST)

हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के एडीजीपी डॉ. एम. रवि किरण ने अवैध खनन, शराब बिक्री और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर ...और पढ़ें

हरियाणा में अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने की तैयारी, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई।

हरियाणा में अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने की तैयारी, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई।

HighLights

  1. अवैध खनन, शराब बिक्री पर लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई

  2. एडीजीपी ने अधिकारियों को तेजी, पारदर्शिता, जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा

  3. भिवानी टीम को खनन नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य के लिए इनाम

जागरण संवाददाता, करनाल। अवैध खनन, अवैध शराब की बिक्री, अनधिकृत कालोनियों, बिजली-पानी चोरी और सड़कों पर भारी वाहनों के अनधिकृत आवागमन पर नियंत्रण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की अब खैर नहीं।

हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डॉ. एम. रवि किरण ने स्पष्ट किया कि ब्यूरो के उद्देश्यों को लागू करने में कोताही करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वर्ष 2027 में कार्य की समीक्षा के आधार पर थाना प्रभारियों की तैनाती की जाएगी। लापरवाही करने वाले पुलिसकर्मियों को ब्यूरो से बाहर का रास्ता भी दिखाया जाएगा।

करनाल स्थित राष्ट्रीय पशु आनुवंशिक संसाधन ब्यूरो (एनबीजीएआर) के सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय बैठक में एडीजीपी ने जनवरी से अक्टूबर 2026 तक जिलावार अनुसंधान कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों पर नियंत्रण केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सरकारी राजस्व की क्षति रोकने के लिए भी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को कार्यप्रणाली में तेजी, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भिवानी की टीम को मिलेगा इनाम

समीक्षा के दौरान भिवानी जिले में खनन नियंत्रण की दिशा में किए गए कार्यों की सराहना की गई। एडीजीपी ने संबंधित थाना प्रभारियों और उनकी टीम को नकद पुरस्कार एवं प्रशंसा प्रमाणपत्र देने की घोषणा की। वहीं, अन्य थाना प्रभारियों को प्रदर्शन में सुधार करने की हिदायत दी।

जोनवार निरीक्षण से तय होगी जवाबदेही

एडीजीपी ने कहा कि निकट भविष्य में पूरे हरियाणा का जोनवार निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद सभी थानों का निरीक्षण कर अनुसंधान कार्यों की गुणवत्ता परखी जाएगी। पुलिस अधीक्षकों को बैठक में लिए गए निर्णयों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

प्राकृतिक संसाधनों और जैव विविधता संरक्षण में संस्थान की भूमिका बताई

बैठक में एनबीजीएआर के निदेशक डॉ. एन एच मोहन ने प्राकृतिक संसाधनों और जैव विविधता संरक्षण में संस्थान की भूमिका बताई। उन्होंने भविष्य में ब्यूरो के साथ मिलकर अभियान चलाने की बात कही। बैठक में पुलिस अधीक्षक ताहिर हुसैन सहित विभिन्न जिलों के थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत एडीजीपी के पौधारोपण से हुई। अंत में प्रधान वैज्ञानिक डॉ. ए के मिश्रा ने धन्यवाद किया।