करनाल में रेलवे अंडरपास में 5 फीट पानी में उतरी स्कूल बस, ग्रामीणों ने 14 बच्चों को बचाया
तरावड़ी के पास शामगढ़ और भैणी खुर्द के बीच निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास में जलभराव के कारण एक निजी स्कूल बस फंस गई, जिसमें 14 बच्चे सवार थे।
-1790704069588_m.webp)
यह एआई जेनरेटेड तस्वीर है।
HighLights
निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास में स्कूल बस फंसी, 14 बच्चे सवार
पांच फीट पानी में फंसी बस, ग्रामीणों ने बच्चों को बचाया
पानी निकासी की मांग, प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल
संवाद सहयोगी, तरावड़ी। निकटवर्ती गांव शामगढ़ और भैणी खुर्द के बीच निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास में जलभराव में बड़ा हादसा टल टल गया। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे अंडरपास में भरे पांच फीट पानी में एक निजी स्कूल की बस फंस गई।
बस में 14 बच्चे सवार बताए जा रहे हैं। पानी में बस के फंसने के बाद अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बच्चों को कंधों पर बिठाकर बस से निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। एक ग्रामीण ने इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया है।
ग्रामीणों के मुताबिक, अंडरपास में करीब पांच से आठ फीट तक पानी भरा हुआ था। बरसात के बाद निर्माणाधीन अंडरपास में पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण यह स्थिति बनी। बस के पानी में फंसने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।
गनीमत रही कि ग्रामीणों की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पहले भी फंस चुके हैं वाहन अंडरपास में जलभराव के कारण वाहन चालकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, इससे पहले दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी पानी में फंस गई थीं, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
सोमवार को भी एक कार अंडरपास में फंस गई थी, जिसे जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल शामगढ़ के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रेलवे अंडरपास का निर्माण कार्य चलने के बावजूद पानी निकासी का उचित प्रबंध नहीं किया गया।
इसके चलते यहां लगातार जलजमाव हो रहा है। लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और पानी निकासी का स्थायी समाधान करने की मांग की है। खबर लिखे जाने तक अंडरपास से पानी निकालने का कार्य शुरू कर दिया गया था।
