न्याय दिलाने में लोक अभियोजकों की होती महत्वपूर्ण भूमिका : सतप्रकाश रंगा
हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन में लोक अभियोजकों के लिए दो सप्ताह का पुलिस प्रशिक्षण कार्यक्रम आरंभ हुआ। इसमें विभिन्न जिलों से आए लोक अभियोजकों ने हिस्सा लिया।
जागरण संवाददाता, करनाल : हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन में लोक अभियोजकों के लिए दो सप्ताह का पुलिस प्रशिक्षण कार्यक्रम आरंभ हुआ। इसमें विभिन्न जिलों से आए लोक अभियोजकों ने हिस्सा लिया। पूर्व पुलिस महानिरीक्षक एवं वर्तमान में अकादमी के ट्रेनिग एडवाइजर सतप्रकाश रंगा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। यह कार्यक्रम 26 जुलाई तक चलेगा। रंगा ने कहा कि न्याय दिलाने में लोक अभियोजकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पुलिस न्यायालय और अभियोजन विभाग अपराध न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण अंग हैं। लोक अभियोजक पीड़ित व आरोपी दोनों के लिए न्याय दिलाने में अपना विशेष योगदान देता है। लोक अभियोजक को प्रभावित हुए बिना निडर होकर कार्य करना चाहिए। उसे केवल न्याय के लिए साक्ष्यों को सही तरीके से न्यायालय के सामने रखकर सच्चाई और ईमानदारी के साथ अपना काम करना चाहिए। एक अच्छा लोक अभियोजक वह है जो जुर्म करने वाले को कोर्ट में बरी नहीं होने देता और निर्दोष को सजा नहीं होने देता है।
उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय द्वारा लोक अभियोजकों के बारे में दिए गए महत्वूपर्ण निर्णयों को उदाहरण देते हुए लोक अभियोजकों को उनकी भूमिका के बारे में महत्वपूर्ण संदेश दिया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि लोक अभियोजकों के लिए यह पुलिस प्रशिक्षण उनमें पुलिस कार्यो के प्रति समझ बढ़ाने तथा न्याय सुनिश्चित करने के लिए विवेचना अधिकारी से सही तालमेल रखने में सहायक होगा।