करनाल व पानीपत में धरना देने के बाद पांचवें दिन आढ़ती सतीश गिरफ्तार
पानीपत की अनाज मंडी में सब्जी विक्रेता कर्मबीर की हत्या के आरोपित आढ़ती सतीश को पानीपत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
जागरण संवाददाता, करनाल : पानीपत में पांच दिन पहले हुए सब्जी विक्रेता कर्मबीर का शव आज आरोपित आढ़ती की गिरफ्तारी के बाद गांव कुराड़ ले गए। चार दिन से आरोपित की गिरफ्तारी न होने पर कर्मबीर का शव कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखा था। देर शाम कुराड़ गांव में अंतिम संस्कार किया। पुलिस ने आरोपित सतीश कुमार को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें तीन जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस संबंध में शनिवार को मुनीम जोनी को भी अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। कश्यप समाज हुआ एकजुट
सोमवार को परिजनों ने जैसे ही पानीपत में धरना दिया। इसके छह घंटे बाद आरोपित आढ़ती को गिरफ्तार कर लिया गया। पानीपत में फ्लाईओवर के नीचे सुबह दस बजे से पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर, कैथल, सोनीपत और उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से कश्यप समाज के लोग धरने पर बैठ गए। राज्यसभा सांसद राजकुमार और गाजियाबाद निवासी पूर्व राज्यसभा सांसद नरेंद्र कश्यप ने कहा कि कश्यप समाज पर अत्याचार बढ़े हैं। पुलिस पीड़ित परिवार का सहयोग करने के बजाय आरोपितों के साथ खड़ी है। इसे सहन नहीं किया जाएगा। उनकी मांग है कि सरकार पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद करे। गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे परिजन
पानीपत में सोमवार शाम को पुलिस की तरफ से परिजनों को विश्वास दिलाया गया कि आरोपित आढ़ती सतीश कुमार गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद सेवानिवृत डीएसपी करता राम, एडवोकेट जयपाल व राजपाल, मृतक कर्मबीर का साला रोहताश, करनाल कश्यप समाज के प्रधान प्रेम सिंह और सचिव जयभगवान कश्यप उर्फ पप्पी एसपी सुमित कुमार से मिले। एसपी से करता राम ने कहा कि साहब डीएसपी सतीश कुमार गौतम ने उन्हें बरगलाया है। आरोपित को गिरफ्तार नहीं किया। वे अब झांसे में नहीं आएंगे। जब तक आरोपित को वे लॉकअप में नहीं देख लेते और कोर्ट में पेशी नहीं हो जाती। तब तक वे धरना खत्म नहीं करेंगे। एसपी ने उन्हें थाना चांदनी बाग भेजा। वहां पर आढ़ती सतीश कुमार लॉकअप में थे। इसके बाद शाम चार बजे धरना खत्म किया गया। पांच दिन बाद पुलिस को मिली राहत
पांच दिन आढ़ती की गिरफ्तारी होने के बाद पुलिस की सांस में सांस आई है। बता दें कि बीते बृहस्पतिवार को सब्जी मंडी सब्जी विक्रेता कुराड़ गांव के कर्मबीर मुनीम बुड़शाम के मुंशी जोनी ने पिटाई कर दी। कर्मबीर को करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कर्मबीर के बड़े भाई राजबीर के बयान पर थाना चांदनी बाग में जोनी के खिलाफ हत्या और आढ़ती सतीश कुमार के खिलाफ साजिश रचने का मामला दर्ज किया था। जोनी को जेल भेजा जा चुका था। परिजन सतीश कुमार की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। एसपी सुमित कुमार ने बताया कि कर्मबीर की मौत सिर में चोट लगने से हुई है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप