कर्ण नगरी में मिलेगा सैरसपाटे को बढ़ावा
जागरण संवाददाता करनाल कर्ण नगरी में सैर सपाटे को बढ़ावा देने के प्रयास रंग ला रहे है
जागरण संवाददाता, करनाल: कर्ण नगरी में सैर सपाटे को बढ़ावा देने के प्रयास रंग ला रहे हैं। कर्ण लेक पर रौनक लौट आई है तो जल्द बनने जा रहे प्रदेश के पहले सांस्कृतिक गलियारे से इस पूरी कवायद को नई रफ्तार मिलेगी। अधिकारियों में ही नहीं, आम करनालवासियों के मन में इस सिलसिले को लेकर अलग ही उत्साह झलक रहा है।
हरियाणा में पर्यटन प्रोत्साहन के लिए शासन स्तर पर तो लगातार प्रयास किए ही जाते रहे हैं वहीं अब करनाल प्रशासन ने भी इसमें कदमताल करते हुए शहर की खूबसूरती में चार चांद लगाने की पुख्ता तैयारी कर ली है। इसके तहत सबसे अहम कदम स्मार्ट सिटी परियोजना के जरिये उठाए जा रहे हैं। जिला उपायुक्त निशांत यादव खुद इससे जुड़े प्रयासों को सिरे चढ़ा रहे हैं। परियोजना के तहत जल्द ही कर्णनगरी में प्रदेश का पहला सांस्कृतिक गलियारा विकसित किया जाएगा, जिसमें निश्चित सीमा के अंदर ऐतिहासिक स्थल चिन्हित किए जा रहे हैं। इस तरह न केवल इन स्थलों को संरक्षित किया जाएगा वहीं इससे करनाल आने वाले पर्यटकों को भी आकर्षित किया जा सकेगा। यह सांस्कृतिक गलियारा दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे स्थित श्रीमद्भागवत गीता द्वार से लेकर घंटाघर चौक तक करीब चार किलोमीटर के दायरे में विकसित होगा। इसमें अंग्रेजों के दौर की क्रिश्चियन सिमिटरी, महारानी विक्टोरिया हाल, पुरानी तहसील व रिकार्ड रूम को शामिल किया जाएगा। इसके सुंदरीकरण के चलते नेशनल हाईवे से गुजरने वाले पर्यटक यहां कुछ पल ठहरकर इनका आनंद उठा सकेंगे।
शहर में कर्ण लेक को भी नया और आकर्षक स्वरूप में ढालने की कवायद तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। इसके तहत यहां म्यूजिकल फाउंटेन लगाए जाएंगे तो बोटिग को बढ़ावा देने की भी तैयारी है। इसी तरह पर्यटकों को लुभाने के लिए पक्षियों की संख्या बढ़ाने के साथ रेस्टोरेंट, गार्डन और अन्य आकर्षक गतिविधियों को भी विस्तार दिया जाएगा। इसके अलावा क्रिश्चियन सिमिटरी के समीप पुरातत्व विभाग की ओर से छोटे-छोटे पार्क और फुटपाथ बनवाए गए हैं। यहां उत्तर दिशा में बनाए गए गेट को सुंदर रूप दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त इसमें लाइटिग, फुटपाथ तथा शौचालय और साइनेज लगवाए जाएंगे।
जल्द ही पुरानी कचहरी के ऐतिहासिक भवन की मरम्मत कर इसका सौंदर्यकरण किया जाएगा तो मीनार रोड पर खड़ी ऐतिहासिक महत्व की कोस मीनार का भी सौंदर्यकरण किया जाएगा। मीनार के आसपास पेड़-पौधे लगाए जाएंगे और इसमें बैठने की जगह बनाई जाएगी। घंटाघर चौक के पास बने विक्टोरिया मेमोरियल हाल को भी सुंदर स्वरूप मिलेगा। इसके अलावा अटल पार्क, कर्ण पार्क सहित शहर के अन्य सभी प्रमुख स्थलों की सुंदरता बढ़ाने की कवायद तेजी से जारी है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के जीएम रमेश मंढान ने बताया कि ऐतिहासिक धरोहरों को सुंदर स्वरूप देने के साथ ही पर्यटन आधारित गतिविधियों को भी भरपूर प्रोत्साहन दिया जाएगा। स्मार्ट सिटी योजना के तहत इस परिकल्पना को जल्द मूर्त रूप देने की तैयारी है।