बूंदाबांदी से मौसम हुआ सुहाना, किसानों के चेहरे खिले
मौसम का मिजाज शुक्रवार की दोपहर के समय बदल गया। दिन के समय धूप के तेवर तीखे रहे लेकिन बादल छाने और फिर बूंदाबांदी से मौसम खुशगवार हो गया।
जागरण संवाददाता, करनाल : मौसम का मिजाज शुक्रवार की दोपहर के समय बदल गया। दिन के समय धूप के तेवर तीखे रहे, लेकिन बादल छाने और फिर बूंदाबांदी से मौसम खुशगवार हो गया। शाम के समय मौसम में पूरी तरह से तरावट आने से लोगों ने गर्मी से राहत ली और पार्को में घुमकर मौसम का लुत्फ उठाया। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ेगी। शनिवार को आसमान में बादल छाने की भी संभावना है।
करनाल में शुक्रवार का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहा। सुबह के समय गर्मी पूरे तेवर दिखा रही थी। दोपहर के समय अचानक आसमान में बादल छाने लगे। चार बजे के बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई। किस जगह पर तेज बौछारें आई तो किसी क्षेत्र में कुछ पल के लिए हलकी बरसात हुई। हालांकि मौसम का मिजाज बदलने के साथ ही लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। गर्मी के तेवर ढीले होने के साथ ही लोगों ने अपने घरों व कार्यालयों में एससी व कूलर के बटन भी ऑफ कर दिए। इससे बिजली की खपत भी कम हो गई।
दूसरी ओर मौसम के बदलते रुख को देखकर किसानों के चेहरे भी खिले। किसानों ने धान की नर्सरी तैयार करनी शुरू कर दी है। इसके साथ ही अन्य फसलों की बिजाई पर भी ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। अलबत्ता इस तरह के मौसम को किसान खेती की तैयारी के लिए पूरी तरह से अनुकूल मानते हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान बढ़ेगा। लेकिन बीच बीच में बादल छाने के साथ साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है। लिहाजा मौसम का मिजाज बदलने के साथ ही लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।