मतदान केंद्रों पर दिव्यांगों के लिए बनेंगे रेंप
जिला निर्वाचन अधिकारी विनय प्रताप सिंह ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए नजदीक बूथ बनाए हैं ताकि मतदाताओं को अपना वोट डालने के लिए अधिक दूर तक न जाना पड़े।
जागरण संवाददाता, करनाल : जिला निर्वाचन अधिकारी विनय प्रताप सिंह ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए नजदीक बूथ बनाए हैं, ताकि मतदाताओं को अपना वोट डालने के लिए अधिक दूर तक न जाना पड़े। मतदान केंद्रों पर दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप की विशेष व्यवस्था की गई है। बैठक के दौरान उन्होंने बताया कि चुनाव को सही तरीके से निपटान के लिए बूथों पर अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है जोकि चुनाव घोषित होने से पहले ही जरूरी तैयारी कर रहे हैं।
इस चुनाव में जिले की सभी पांचों विधानसभाओं में 10 लाख 89 हजार 788 मतदाता अपने मत का इस्तेमाल करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव में 10 लाख 89 हजार 788 मतदाताओं में से 5 लाख 76 हजार 886 पुरुष और 5 लाख 12 हजार 902 महिला मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि नीलोखेड़ी (19) में 2 लाख 14 हजार 118 मतदाताओं में 1 लाख 12 हजार 995 पुरुष और 1 लाख 1 हजार 123 महिला मतदाता, इंद्री (20) विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 96 हजार 641 मतदाता हैं, जिनमें 1 लाख 4 हजार 33 पुरुष और 92 हजार 608 महिला मतदाता, करनाल (21) विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 38 हजार 256 मतदाता हैं, जिनमें 1 लाख 23 हजार 923 पुरुष और 1 लाख 14 हजार 333 महिला मतदाता शामिल हैं। घरौंडा (22) में 2 लाख 16 हजार 290 मतदाता हैं, जिनमें 1 लाख 15 हजार 342 पुरुष तथा 1 लाख 948 महिला मतदाता और असंध (23) में 2 लाख 24 हजार 483 मतदाता हैं जिनमें 1 लाख 20 हजार 593 पुरुष तथा 1 लाख 3 हजार 890 महिला मतदाता शामिल हैं।