पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 11 को बारिश की संभावना
पिछले कई दिन से न्यूनतम तापमान में वृद्धि ने लोगों की चिता बढ़ा दी थी। रात का तापमान 11 से 12 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है। हालांकि इस समय न्यूनतम तापमान आठ डिग्री से नीचे होना चाहिए था।
स्टेट के लिए.. - इधर उत्तर भारत की तरफ से आ रहे पश्चिमी विक्षोभ से बनी बारिश की उम्मीद, 11 दिसंबर को राजस्थान और उससे सटे पंजाब, हरियाणा के आसपास के क्षेत्र में हो सकती है बूंदाबांदी
जागरण संवाददाता, करनाल :
पिछले कई दिन से न्यूनतम तापमान में वृद्धि ने लोगों की चिता बढ़ा दी थी। रात का तापमान 11 से 12 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है। हालांकि इस समय न्यूनतम तापमान आठ डिग्री से नीचे होना चाहिए था। लेकिन इस चिता को जम्मू-कश्मीर की ओर सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ ने दूर कर दिया। जिसका असर उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में भी 8 से 11 दिसंबर के बीच बारिश हो सकती है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश की गतिविधियां 11 दिसंबर को देखने को मिल सकती हैं। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान और इसे सटे पंजाब, हरियाणा तथा आसपास के क्षेत्रों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित होगा। इन दोनों सिस्टमों के प्रभाव से अगले चार-पांच दिनों के दौरान दिल्ली समेत उत्तर भारत के तमाम मैदानी शहरों में न्यूनतम तापमान बढ़ जाएगा जबकि दिन के तापमान में कुछ गिरावट आने की संभावना है। दिन में कुछ इलाकों में अगले चार-पांच दिनों तक आंशिक बादल छाए रहेंगे। धुंध भी रहेगी जिसके कारण धूप का प्रभाव कम रहेगा। पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली एनसीआर और राजस्थान के उत्तर तथा पूर्वी क्षेत्रों में बारिश का इंतजार खत्म होगा। 11 दिसंबर को इन भागों में बारिश देखने को मिल सकती है।
एनसीआर सहित इन जिलों में हो सकती है बारिश
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक दिल्ली एनसीआर के साथ-साथ चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, पानीपत, सोनीपत, सिरसा, हिसार, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, पलवल व फरीदाबाद समेत कई शहरों में 11 दिसंबर को गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती हैं। 11 दिसंबर के बाद जब पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती सिस्टम आगे निकल जाएंगे उसके बाद ठंडी उत्तर पश्चिमी हवाएं चलनी शुरू होंगी। उत्तर भारत के मैदानी शहरों में भीषण सर्दी एक बार फिर से अपना असली रंग दिखाएगी।