अब आटो चालक ने खोला डर के चलते छत से कूदने का राज
जागरण संवाददाता करनाल आरके पुरम में संदिग्ध परिस्थिति में छत से गिरने के बाद हुई अमन
जागरण संवाददाता, करनाल : आरके पुरम में संदिग्ध परिस्थिति में छत से गिरने के बाद हुई अमन की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। अब एक आटो चालक ने उसके छत से कूदने का राज खोला है।
पुलिस को दी शिकायत में नवीन वासी गांव प्रेमखेडा ने बताया कि वह आरके पुरम में किराए के मकान में रहता है और आटो चलाकर परिवार का गुजारा चलाता है। वह किराए के मकान के बाहर गली में ही आटो खड़ा करता है। करीब सात माह पहले उसके आटो से म्यूजिक सिस्टम चोरी कर लिया गया था। 26 जून की रात को उसके पास मेहमान आए हुए थे। तभी देर रात उसे आटो में दो युवक बैठे दिखाई दिए। उसने समझा कि आटो से चोरी को अंजाम दिया जा रहा है। ऐसे में आरोपितों से पूछताछ की तो वे भाग निकले। आटो लेकर वह उनके पीछे लगा और कुछ आगे जाकर दोनों को पकड़ लिया। वे फिर छूटकर भाग गए और एक युवक घर की छत पर चढ़ गया, जिसके पीछे उसकी पहचान का युवक भी छत पर चला गया। वहीं दोनों का झगड़ा हुआ। डर के चलते वह युवक छत से कूद गया तो उन्हें पता चला कि उसे गंभीर चोटें आई।
बाद में पता चला कि वह अमन था। इसके बाद वह अपने घर चले गए। बाद में उसके पास दो युवक आए तो उन्होंने अमन की हत्या के आरोप लगाते हुए अन्य युवकों को साथ लेकर मारपीट शुरू कर दी। उस पर चाकूओं से वार किए, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। अब पुलिस ने इन आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।