विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करनाल में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप

Published: Sat, 03 Oct 2026 01:06 AM (IST)

करनाल के कलंदरी गेट में दस माह पहले शादी के बंधन में बंधी 22 वर्षीय नवविवाहिता ज्योति की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

करनाल में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत। सांकेतिक फोटो

करनाल में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत। सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. करनाल में 22 वर्षीय नवविवाहिता ज्योति की संदिग्ध मौत।

  2. मायके पक्ष ने दहेज और मारपीट का आरोप लगाया।

  3. पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, करनाल। कलंदरी गेट क्षेत्र में दस माह पहले शादी के बंधन में बंधी 22 वर्षीय नवविवाहिता ज्योति की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और पति समेत ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मायके वालों के अनुसार ज्योति की शादी करीब दस माह पहले कलंदरी गेट निवासी विजय के साथ हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग ज्योति के साथ मारपीट करते थे और उसे परेशान किया जाता था।

मायके पक्ष ने दहेज में मोटरसाइकिल की मांग किए जाने का भी आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि ज्योति ने कई बार घर में होने वाली परेशानी के बारे में बताया था। मामले को लेकर चौकी में भी शिकायत देने की बात कही गई है। स्वजन ने आरोप लगाया कि ज्योति के पति के अलावा सास और ननद भी उसके साथ मारपीट करते थे।

उन्होंने ससुराल पक्ष के लोगों पर नशे का सेवन करने का भी आरोप लगाया। मायके वालों का कहना है कि घटना की जानकारी उन्हें पुलिस के माध्यम से मिली, जबकि ससुराल पक्ष की ओर से उन्हें सीधे सूचना नहीं दी गई। स्वजन के अनुसार ज्योति चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी।

उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मायके वालों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस की जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।