नगर निगम ने नेहरू पैलेस मार्केट से शुरू किया बैग बैंक
निगमायुक्त ने बताया कि बेशक पॉलीथिन कैरीबैग और सिगल यूज प्लास्टिक का हमारी दिनचर्या में लंबे समय से जुड़ाव रहा है लेकिन इससे स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव के साथ-साथ पर्यावरण को भी बड़ा खतरा पैदा हो गया है।
जागरण संवाददाता, करनाल : नगर निगम ने नेहरू पैलेस मार्केट में मंगलवार को नगर निगम आयुक्त निशांत कुमार यादव ने टीम के साथ एक कदम ओर आगे बढ़ाते हुए बैग बैंक की शुरुआत की। उन्होंने ऐलान किया कि कोई भी व्यक्ति यहां से मात्र 5 रुपये के सब्सिडी रेट पर कपड़े का बढि़या थैला खरीद सकता है। इस दौरान हरियाणा व्यापार मंडल की करनाल इकाई के प्रधान कृष्ण लाल तनेजा के नेहरू पैलेस स्थित कार्यालय में बड़ी संख्या में थैले भी रखवाए गए।
हालांकि मजबूत और नए कपड़े के थैले तैयार करने में निगम का कहीं ज्यादा खर्च हुआ है। लेकिन पॉलीथिन कैरीबैग और सिगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग से लोग जल्द से जल्द तौबा करें, इसलिए इस अभियान को जोर-शोर से चलाया जा रहा है।
निगमायुक्त ने बताया कि बेशक पॉलीथिन कैरीबैग और सिगल यूज प्लास्टिक का हमारी दिनचर्या में लंबे समय से जुड़ाव रहा है, लेकिन इससे स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव के साथ-साथ पर्यावरण को भी बड़ा खतरा पैदा हो गया है। यह एक गंभीर समस्या बन गई है।
निगमायुक्त ने बताया कि नगर निगम इस अभियान में एक लाख से भी अधिक थैले बाजार में लाएगा, इसी कड़ी में मुख्य-मुख्य जगहों पर बैग बैंक स्थापित किए जा रहे हैं। इसी दौरान नेहरू पैलेस के दुकानदारों को थैले भी वितरित किए गए।