नगर निगम ने पांच डेयरियों को किया सील
जागरण संवाददाता करनाल डेयरी शिफ्टिंग मामले में रुचि न दिखाने वाले संचालकों के खिलाफ तीस
जागरण संवाददाता, करनाल : डेयरी शिफ्टिंग मामले में रुचि न दिखाने वाले संचालकों के खिलाफ तीसरी बार कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को शहर के बसंत विहार एरिया में जाकर नगर निगम ने पांच डेयरियों को सील करने की कार्रवाई की। इससे डेयरी संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही।
21 जुलाई को भी नगर निगम की ओर से तीन डेयरियों को सील किया गया था और 5 डेयरियों में मौजूद 11 पशुओं को कब्जे में लिया गया था। उपायुक्त एवं नगर निगम के आयुक्त निशांत कुमार यादव ने बताया कि हरियाणा नगर निगम अधिनियम 1994 की धारा 333 के तहत, नगर निगम की ओर से शहर के बसंत विहार एरिया में अवैध रूप से चलाई जा रही पशु डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई गई। इस दौरान पांच डेयरियों को सील किया गया, पांच डेयरियां पशुओं से खाली दिखाई देने पर कोई कार्रवाई सम्भव नहीं हुई, जबकि एक डेयरी से एक पशु को कब्जे में लिया। इसके कुछ देर बाद पशु मालिक की ओर से 5 हजार रुपये की जुर्माना राशि नगर निगम में जमा करवाने के बाद कब्जे में लिए पशु को छोड़ा गया।
उन्होंने बताया कि नगर निगम टीम की ओर से डेयरियों के खिलाफ सीलिग की कार्रवाई के सामने किसी का विरोध नहीं चला। निगम के संयुक्त आयुक्त गगनदीप सिंह के नेतृत्व में निगम के कार्यकारी अधिकारी दीपक सूरा, सचिव बाल सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षण महावीर सोढ़ी व सुरेंद्र चोपड़ा के अतिरिक्त सफाई निरीक्षक, सहायक सफाई निरीक्षक, जेई, दो भवन निरीक्षक व कुछ कर्मचारी शामिल रहे।