संशोधित--अपने पोतों को कुछ भी कहें, मैं कुछ नहीं कहूंगी-नैना चौटाला
जागरण संवाददाता करनाल विधायक नैना चौटाला ने इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला की ओर से उ
जागरण संवाददाता, करनाल : विधायक नैना चौटाला ने इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला की ओर से उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला व इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला पर दिए गए किसी भी बयान पर कोई टिप्पणी से साफ गुरेज किया है। उनका कहना है कि पिता जी (ओमप्रकाश चौटाला) बच्चों को कुछ भी कहें। वह चाहे उन्हें भला-बुरा कहें या डंडे मारें। मैं कुछ नहीं कहूंगी। उन्होंने विधायक अभय चौटाला के उस बयान पर अवश्य निशाना साधा, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा, जजपा व कांग्रेस तीनों मिलकर काम कर रही हैं। इस नैना चौटाला ने कहा कि कुछ लोगों का काम सिर्फ बोलना होता है और बिना मतलब के ही वे बोलते हैं।
उन्होंने शनिवार को डिवाइन बैंक्वेट हाल में आयोजित पार्टी के कार्यक्रम में करनाल, पानीपत और सोनीपत की महिला पदाधिकारियों के साथ मीटिग की। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से बातचीत की और उनका हालचाल जाना। नैना चौटाला ने कहा कि हरी चुनरी चौपाल कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी से महिलाओं को बड़ी संख्या में जोड़ा गया था। इस कार्यक्रम से जुड़कर महिलाओं के मनोबल में भी इजाफा हुआ था। अब वह फिर से प्रत्येक विधानसभा में जाकर महिलाओं से मुलाकात कर रही हैं और उनकी समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करवा रही हैं। इस आयोजन के बाद वह पार्टी नेता मोहसीन चौधरी के सेक्टर 14 स्थित आवास पर पहुंची और यहां से वह पार्टी के महासचिव बृज शर्मा के सेक्टर आठ स्थित पर गई। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ जलपान किया।
उन्होंने बरौदा उप चुनाव को लेकर कहा कि चुनाव को लेकर भाजपा व जजपा दोनों दल पूरी मेहनत कर रहे हैं। यह संगठनात्मक तौर पर तय होगा कि टिकट किसे मिलती है। चुनावी तैयारियों को लेकर कार्यकर्ता पूरा जोर लगाए हुए हैं। उन्होंने राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाए जाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पहले भी वह विधानसभा में आवाज उठा चुकी है कि महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए। यह भी जरूरी है कि महिला जनप्रतिनिधि अपना काम स्वयं करें। महिला जनप्रतिनिधि की जगह उनके पति काम नहीं करें। हालांकि बीते कुछ सालों में महिला सशक्तिकरण की राह प्रशस्त हुई है। हर क्षेत्र में महिला ने अपनी प्रतिभा को साबित किया है। खुशी की बात यह भी है कि राज्यसभा व लोकसभा में कुल 101 महिला सांसद है।
प्रदेश में शिक्षित युवा नहीं रहेंगे बेरोजगार-नैना चौटाला
विधायक नैना चौटाला ने महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब आपके पढ़े लिखे बच्चे बेरोजगार नहीं रहेंगे। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा के निजी क्षेत्र में प्रदेश के युवाओं के लिए 75 फीसद आरक्षण की घोषणा की है। जल्द ही यह कानून बन जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा की गठबंधन सरकार ने पंचायत चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा कर दी है। इससे महिला सशक्तीकरण होने के साथ-साथ महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। इस अवसर पर हरि चुनरी चौपाल कार्यक्रम प्रभारी राजिद्र लतानी, जिला पार्षद कुलजीत कौर, जिला प्रधान प्रेम शाहपुर, प्रदेश उपाध्यक्ष नफे सिंह मान, जिला प्रवक्ता यशकरण राणा व रामा मदान मौजूद रहे।