महाराणा प्रताप हार्टिकल्चर यूनिवर्सिटी में 119 सीटों पर दाखिले के लिए मची होड़, छह श्रेणियों की मेरिट जारी
महाराणा प्रताप हार्टिकल्चर यूनिवर्सिटी में बीएससी (आनर्स) हार्टिकल्चर की 119 सीटों पर दाखिले के लिए जबरदस्त उत्साह देखा गया, जिसकी ...और पढ़ें

महाराणा प्रताप हार्टिकल्चर यूनिवर्सिटी में 119 सीटों पर दाखिले के लिए मची होड़ (File Photo)
HighLights
एमएचयू में बीएससी हार्टिकल्चर की 119 सीटों पर दाखिले के लिए होड़
सामान्य व ईडब्ल्यूएस वर्ग की मेरिट 78 प्रतिशत पर लगी
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर करियर अवसरों से छात्रों में उत्साह
जागरण संवाददाता, करनाल। महाराणा प्रताप हार्टिकल्चर यूनिवर्सिटी में बीएससी (आनर्स) हार्टिकल्चर की 119 सीटों पर दाखिले के लिए विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बुधवार को विश्वविद्यालय की ओर से मेरिट सूची जारी की गई।
सुबह से ही विद्यार्थी और अभिभावक विश्वविद्यालय पहुंचने शुरू हो गए थे। फिजिकल वेरीफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मेरिट सूची जारी की गई। सूची में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी नजर आई, जबकि नाम नहीं आने पर कई विद्यार्थियों को निराश होकर लौटना पड़ा। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुरेश मल्होत्रा ने बताया कि बीएससी (आनर्स) हार्टिकल्चर में दाखिले के लिए विद्यार्थियों में लगातार उत्साह बना हुआ है।
एमएचयू की ओर से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ शैक्षणिक और अनुसंधान के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। यही कारण है कि इस पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए विद्यार्थियों के बीच प्रतिस्पर्धा बनी हुई है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए देश के साथ-साथ विदेशों में भी उच्च शिक्षा और करियर के अवसर उपलब्ध हैं।
हॉर्टिकल्चर के क्षेत्र में सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं को देखते हुए विद्यार्थी इस पाठ्यक्रम को प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि एमएचयू से शिक्षा पूरी करने वाले विद्यार्थियों को आगे करियर बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में अवसर मिलते हैं।
सामान्य व ईडब्ल्यूएस की मेरिट 78 प्रतिशत
इस बार बीएससी (आनर्स) हार्टिकल्चर की मेरिट में सामान्य वर्ग और ईडब्ल्यूएस वर्ग का कटआफ 78 प्रतिशत रहा। ओएससी वर्ग के लिए 73 प्रतिशत, डीएससी वर्ग के लिए 62.5 प्रतिशत, बीसी-ए वर्ग के लिए 75 प्रतिशत और बीसी-बी वर्ग के लिए 76 प्रतिशत पर मेरिट सूची लगी। कुलपति ने कहा कि एमएचयू का नाम शैक्षणिक और अनुसंधान के क्षेत्र में देश-विदेश में लगातार मजबूत हो रहा है।
जापान, अमेरिका और आस्ट्रेलिया सहित कई देशों के संस्थानों के साथ विश्वविद्यालय के समझौता ज्ञापन हुए हैं। विदेशी विद्यार्थी भी एमएचयू से जुड़कर अध्ययन कर रहे हैं, जबकि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी विदेशों के विश्वविद्यालयों के साथ शैक्षणिक गतिविधियों में भाग ले रहे हैं।
मेरिट सूची जारी होने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में दिनभर विद्यार्थियों की चहल-पहल रही। चयनित विद्यार्थियों में दाखिले को लेकर उत्साह नजर आया, जबकि मेरिट में स्थान नहीं बना पाने वाले विद्यार्थियों ने अगली सूची और अन्य विकल्पों को लेकर जानकारी जुटाई।
