शहीद पुलिसकर्मियों की शहादत नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्त्रोत
निरीक्षक कल्याण शाखा रणवीर शर्मा ने कहा कि हरियाणा पुलिस के तीन पुलिस अधिकारियों ने इस वर्ष अपनी सेवा के दौरान कुर्बानी दी है।
जागरण संवाददाता, करनाल : पुलिस महानिदेशक मनोज यादव के संदेश पर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया के निर्देशन में कमांडो काम्प्लेक्स नेवल में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
उप पुलिस अधीक्षक तरुण कुमार ने कहा कि चीन और भारत की सीमा पर हॉटस्ट्रींग में 21 अक्टूबर 1959 को दुश्मन सेना से लड़ते हुए 15 जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे। तब से प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को देशभर के समस्त पुलिस बलों द्वारा शहीदी दिवस मनाया जाता है। शहीद पुलिसकर्मियों की शहादत नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्त्रोत है। आज के दिन सभी प्रदेशों में उन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को, जिन्होंने सेवा के दौरान अदम्य साहस और शौर्य का प्रदर्शन करते हुए जान की परवाह किए बिना अपने प्राणों की आहुति दी है, उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है।
निरीक्षक कल्याण शाखा रणवीर शर्मा ने कहा कि हरियाणा पुलिस के तीन पुलिस अधिकारियों ने इस वर्ष अपनी सेवा के दौरान कुर्बानी दी है। रेवाड़ी से उपनिरीक्षक रणवीर सिंह, अंबाला से सहायक उपनिरीक्षक सुरेश कुमार और आइआरबी से मुख्य सिपाही यशपाल ने कर्तव्य परायण के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी है। हम इन पुलिसकर्मियों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। इससे पूर्व सीडीआइ के नेतृत्व में पुलिस टुकड़ी ने उल्टा शस्त्र कर शहीदों को शोक सलामी दी।
इस अवसर पर आरआइ रामकुमार, लाइन प्रबन्धक सतपाल, प्रचार अधिकारी राजीव रंजन, उपनिरीक्षक शिव कुमार, उपनिरीक्षक दर्शन सिंह, उपनिरीक्षक, रविन्द्र, उपनिरीक्षक नीरज, उपनिरीक्षक वीरेंद्र सहित काफी संख्या में पुलिस कर्मचारी व अधिकारी उपस्थित रहे।