एक-एक वोट पर मनोहर दूतों की नजर
करनाल विधानसभा में मनोहर दूतों की नजर एक-एक वोट पर है।
जागरण संवाददाता, करनाल
करनाल विधानसभा में मनोहर दूतों की नजर एक-एक वोट पर है। एक लाख से ज्यादा मतों से सीएम मनोहर लाल की जीत सुनिश्चित करने के उत्साह के साथ कार्यकर्ता घर-घर दस्तक दे रहे हैं। लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी संजय भाटिया को करनाल विधानसभा में एक लाख 44 हजार वोट में से एक लाख 17 हजार वोट मिले थे। जबकि विपक्षी महज 27 हजार वोट पर सिमट गए थे। विपक्ष में गए इन 27 हजार वोट को भी अपने पक्ष में करने की दिशा में गंभीरता से प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए भी कोशिश की जा रही है। बढ़ता जा रहा है मनोहर के प्रति प्यार
करनाल विधानसभा क्षेत्र में साल दर साल सीएम मनोहर लाल की लोकप्रियता में इजाफा हुआ है। 2014 के चुनाव में करनाल शहर के लिए नए चेहरे के तौर पर आए मनोहर लाल ने जो प्यार दिया था, वह और बढ़ता ही गया। इसे वोट बैंक के लिहाज से समझना हो तो बेहद आसान हो जाता है। 2014 के चुनाव में लोगों ने उन्होंने 63 हजार 773 मतों से जीत हासिल की थी और कुल वोट 82 हजार 485 मिले थे। इतने अधिक मतों से करनाल विधानसभा से आज तक किसी ने जीत दर्ज नहीं की। सीएम की लोकप्रियता का असर लोकसभा चुनाव में करनाल विधानसभा में खासतौर पर देखा गया, क्योंकि यहां सीएम की छवि का लाभ पार्टी प्रत्याशी संजय भाटिया को मिला। उन्हें एक लाख 17 हजार मतों से बढ़त मिली थी। कमजोर विपक्ष से आसान हुआ लक्ष्य
पिछले विधानसभा चुनाव में आजाद प्रत्याशी जयप्रकाश गुप्ता, कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र नरवाल, इनेलो प्रत्याशी मनोज वधवा और बसपा रणबीर सिंह ने मिलकर करीब 52 हजार मत हासिल किए थे, लेकिन इन चुनाव में परिस्थितियां पूरी तरह से बदली हुई है। जयप्रकाश गुप्ता भाजपा में शामिल हो चुके हैं। मनोज वधवा चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। कांग्रेस का संगठन धरातल पर कमजोर है। इनेलो ने कोई प्रत्याशी ही नहीं खड़ा किया। जबकि जेजेपी अपना जनाधार तलाश रही है। अधिक मतदान कराना भी रणनीति का हिस्सा
भाजपा के करनाल विधानसभा चुनाव संचालक अशोक सुखीजा का कहना है कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने का लक्ष्य भी रखा गया है। इसके लिए करनाल विधानसभा में नारी शक्ति मनोहर अभियान नाम चलाया गया है। लोकसभा चुनाव में करनाल में एक लाख 44 हजार वोट में से 27 हजार मत विपक्ष के पास गए थे। इन मतों को पार्टी के पक्ष में करने पर काम किया जा रहा है।