करनाल की अमिता बनी मिसेज इंडिया इंडोनेशिया में प्रथम रनरअप
करनाल की अमिता शर्मा ने इंडोनेशिया में शहर और हरियाणा का नाम रोशन किया है। अमिता इंडोनेशिया में आयोजित मिसेज इंडिया इंडोनेशिया प्रतियोगिता में प्रथम रनर अप रही हैं।
जेएनएन, करनाल। शहर की बेटी अमिता शर्मा ने इंडोनेशिया में कमाल किया है। इंडोनेशिया में आयोजित मिसेज इंडिया इंडोनेशिया प्रतियोगिता में अमिता शर्मा प्रथम रनर अप रही हैं। यह प्रतियोगिता इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में भारतीय मूल की शादीशुदा महिलाओं के लिए आयोजित की गई थी। इसका आयोजन ग्लेम ग्लैक्सी संस्था ने किया।
प्रतियोगिता में अमिता शर्मा ने भारतीय परिवेश में प्रतिभा प्रदर्शित की। इससे वह 15 प्रतियोगियों में से पहले 8 में पहुंची और बाद में प्रथम रनरअप बनी। अमिता लगभग 15 वर्ष पहले इंडोनेशिया में जाकर बस गई थी और वहां एक उच्च विद्यालय में अध्यापन कार्य कर रही हैं।
उनके पति राकेश शर्मा जकार्ता में मल्टीनेशनल कंपनी इडोरामा में वरिष्ठ प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। भारत व इंडोनेशिया के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने में भी अमिता शर्मा अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी वर्ष 30 मई को जब जकार्ता गए थे तो उनसे मिलकर अमिता शर्मा ने भारत की सांस्कृतिक गतिविधियों की बाबत भी उनसे बात की थी।
--------
कम्युनिटी हेल्थ पाठ्यक्रम के लिए आवेदन मांगे
चंडीगढ़ : स्वास्थ्य सोसाइटी ने छह माह के कम्युनिटी हेल्थ पाठ्यक्रम के लिए आवेदन मांगें हैं। 14 जिलों में यह पाठ्यक्रम पूरा होने के बाद हेल्थ और वेलनेस सेंटरों में प्राइमरी हेल्थ केयर सेवाएं ली जाएंगी। इनमें अंबाला, फरीदाबाद, गुरुग्राम, जींद, हिसार, करनाल, कुरुक्षेत्र, मेवात, नारनौल, पंचकूला, पलवल, सोनीपत, सिरसा और यमुनानगर शामिल हैं।
प्रिंटिंग तकनीक में डिप्लोमा का मौका
चंडीगढ़ : हरियाणा की तीन आरक्षित सीटों के लिए उत्तरी क्षेत्रीय प्रिंटिंग तकनीक संस्थान, तलारगंज, इलाहाबाद ने तीन वर्ष के प्रिंटिंग तकनीक में डिप्लोमा में प्रवेश लेने के हरियाणा के युवाअो से आवेदन मांगे हैं। उम्मीदवार की शैक्षिक योग्यता 35 फीसद अंकों के साथ 10वीं पास होनी चाहिए। इच्छुक उम्मीदवारों को 4 जुलाई को पंचकूला स्थित स्टेट तकनीकी शिक्षा सोसाइटी में काउंसलिंग के लिए पहुंचना होगा।