Karnal News: बारिश व ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर फेरा पानी, किसान नेता टिकैत ने लिया फसलों का जायजा
Karnal Newsपत्रकारों से वार्ता में राकेश टिकैत ने कहा कि इस बार बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि के कारण प्रदेश के कई जिलों में काफी फसल खराब हुई है। इसे देखते हुए प्रभावित किसानों को ₹25000 प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाना चाहिए।
करनाल, जागरण संवाददाता। किसान नेता राकेश टिकैत मंगलवार को करनाल के गांव शाहपुर पहुंचे। यहां से उन्होंने अपने हरियाणा प्रवास के तहत किसानों से पिछले दिनों आई वर्षा के कारण बर्बाद हुई फसलों को लेकर संवाद की शुरुआत की।
इस दौरान वह खेतों में भी गए और फसलों का हाल बारीकी से देखा। बाद में पत्रकारों से वार्ता में टिकैत ने कहा कि इस बार बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि के कारण प्रदेश के कई जिलों में काफी फसल खराब हुई है। इसे देखते हुए प्रभावित किसानों को ₹25000 प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाना चाहिए।
सदस्यीय कमेटी बनाई जाए
राकेश टिकैत ने आगे कहा कि हरियाणा के हर गांव में चार सदस्यीय कमेटी बननी चाहिए। इसमें गांव के सरपंच, कृषि अधिकारी और नंबरदार को शामिल किया जाए। पंजाब की तर्ज पर ही गिरदावरी की जानी चाहिए। ताकि प्रभावित किसानों की भरपूर मदद हो सके।
केंद्र और प्रदेश की सरकार से नराज दिखे
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में सरकार तानाशाही और मनमर्जी पर उतारू है। किसानों सहित तमाम वर्गों के हित में कुछ नहीं किया जा रहा। जो कोई इसके खिलाफ आवाज उठाता है उसे जेल भेज दिया जाता है।
राहुल गांधी की सदस्यता रद्द पर भी बोले टिकैत
इसी संदर्भ में उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सदस्यता रद्द किए जाने के मामले में भी सरकार पर अनुचित रवैया अपनाने का आरोप लगाया। टिकैत ने बताया कि अपने हरियाणा प्रवास के तहत में कैथल और जींद आदि जिलों में भी किसानों से मिलेंगे।