करनाल में बेटे को बचाने के लिए पिता ने नहर में लगाई छलांग, दोनों की डूबने से मौत
करनाल की बस्तली नहर में बेटे को डूबता देख पिता ने बचाने के लिए छलांग लगाई, लेकिन दोनों ही पानी ...और पढ़ें

बेटे को बचाने के लिए पिता ने नहर में लगाई छलांग। फाइल फोटो
HighLights
करनाल की बस्तली नहर में दुखद हादसा।
बेटे को बचाने पिता ने लगाई छलांग।
तेज बहाव में पिता-पुत्र दोनों बहे।
जागरण संवाददाता, करनाल। हाबड़ी ब्रांच स्थित बस्तली नहर में बुधवार को डूब रहे बेटे को बचाने के लिए पिता ने छलांग लगा दी लेकिन पिता न तो खुद ही बच पाया और न ही बेटे को बचा पाया। पानी के तेज बहाव में पिता और पुत्र दोनों ही बह गए। सूचना मिलने पर स्वजन और पुलिस मौके पर पहुंची।
गोताखोरों की मदद से पिता और पुत्र को नहर में तलाशा गया लेकिन देर शाम तक उनका सुराग नहीं लगा। स्वजन के अनुसार निगदू के बीर बडालवा निवासी 45 वर्षीय पिता सतनाम सिंह और उसका 23 वर्षीय बेटा मानुष बस्तली निवासी किसान रविंद्र के खेत में धान की फसल पर स्प्रे करने के लिए बुधवार सुबह घर से निकले थे। किसान रविंद्र के खेत नहर किनारे हैं।
स्प्रे करने के लिए उन्हें पानी की जरूरत थी लेकिन ट्यूबवैल खेत से काफी दूर था तो मानुष ने सोचा कि वह नहर से ही पानी ले लेगा। इस लिए वह नहर में पानी लेने के लिए उतरा तो उसका पांव फिसल गया और वह नहर में गिर गया।
लोगों ने परिजनों को दी सचूना
उसके एक साथी ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन वह उसे निकाल नहीं पाया। कुछ दूरी पर खड़े जब मानुष के पिता को पता चला कि उसका बेटा नहर में गिर गया तो वह भागता हुआ आया और बेटे को बचाने के लिए नहर में कूद गया लेकिन पिता न तो अपने बेटे को बचा पाया और न ही खुद नहर से बाहर निकल पाया। उनके साथ के लोगों ने इसकी सूचना स्वजन व पुलिस को दी।
बता दें गत माह की 23 तारीख को नहर में नहाते समय हथलाना निवासी साहिल की डूबने से मौत हो गई थी। इससे कुछ साल पहले बधनारा निवासी दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई थी। निसिंग थाना प्रभारी कृष्ण ने बताया कि गोताखोरों की मदद से पिता पुत्र की नहर में तलाश की जा रही है।
पिता को तैरना नहीं आता था, बेटे के मोह में बिना सोचे लगाई छलांग।
मानुष के पिता सतनाम को तैरना नहीं आता था। उसने बचाव के लिए आवाज भी लगाई लेकिन जब बेटा पानी में डूब गया तो उसने बिना सोचे समझे अपने बेटे को बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। स्वजन के अनुसार मानुष शादीशुदा था, करीब दस महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके दो भाई अभी छोटे हैं।
