पति ने जहर खिलाकर की पत्नी की हत्या, मामला दर्ज
कैमला गांव में विवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि उसका जीजा उसकी बहन को परेशान करता था जिसके चलते उसने जहर खिलाकर उसकी बहन की हत्या कर दी।
संवाद सहयोगी, घरौंडा : कैमला गांव में विवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि उसका जीजा उसकी बहन को परेशान करता था, जिसके चलते उसने जहर खिलाकर उसकी बहन की हत्या कर दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया। आरोपित पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके तमाम पहलुओं से मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
बेलरखा निवासी जगतुराम की पुत्री रेखा की शादी वर्ष-2008 में कैमला निवासी बाबूराम के पुत्र सोमदत्त के साथ हुई थी। सोमदत्त और रेखा के पास दो लड़की व एक लड़का भी है। मृतका के भाई सुखदेव ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि बीती रात करीब साढ़े 12 बजे उसके पास उसकी बहन रेखा के देवर संदीप का फोन आया कि उसकी बहन की हालत गंभीर है।
जब सुखेदव स्वजनों के साथ कैमला पहुंचा तो उसकी बहन की मृत्यु हो चुकी थी। सुखदेव का आरोप है कि उसके जीजा सोमदत्त ने उसकी बहन को जहर खिलाया जिससे उसकी बहन की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया और आरोपित पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी कंवर सिंह ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत पर पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। तमाम पहलुओं से जांच की जा रही है।