हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने दो मजदूरों को कुचला, एक की मौत
हाईवे पर उचानी गांव के पास स्थित बागवानी केंद्र के सामने तेज रफ्तार कार ने दो मजदूरों को टक्कर मार दी। हादसे में करनाल के अब्दुलापुर निवासी राजेश की मौके पर मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, करनाल : हाईवे पर उचानी गांव के पास स्थित बागवानी केंद्र के सामने तेज रफ्तार कार ने दो मजदूरों को टक्कर मार दी। हादसे में करनाल के अब्दुलापुर निवासी राजेश की मौके पर मौत हो गई, जबकि उत्तरप्रदेश के बरेली निवासी ईश्वर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार पलट गई और इसमें सवार दो लोग घायल हो गए। हालांकि अभी तक पुलिस ने टक्कर मारने वालों की पहचान जाहिर नहीं की है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
चंडीगढ़ से दिल्ली की ओर जा रही हाईवे की लेन पर शनिवार दोपहर के समय राजेश और ईश्वर सिंह पत्थर के ब्लॉक लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान पटियाला से करनाल आ रहे आई-20 कार के चालक ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसा होने के साथ ही आसपास के लोग बचाव के लिए दौड़े और हाईवे पर भी वाहन रुक गए। जब तब लोगों ने दोनों मजदूरों को संभाला, तब तक राजेश की मौत हो चुकी थी। जबकि ईश्वर गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस व एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। हादसे के चलते हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार को साइड में करवाकर यातायात को सुचारू करवाया।
सदन पुलिस थाने के जांच अधिकारी अजैब सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है। पंजाब नंबर की कार ने दो मजदूरों को टक्कर मार दी, जिसमें अब्दुलापुर निवासी राजेश की मौत हो गई है, जबकि ईश्वर सिंह घायल है। अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।