कल तक जारी रह सकता बूंदाबांदी का सिलसिला
दो दिन से हो रही बरसात से किसानों की बांछे खिली हुई हैं एक तरफ बरसात से जहां धान की फसलें लहलहा रही हैं दूसरी तरफ शहर में जलभराव जैसी समस्याओं से लोग खासे परेशान हैं।
जागरण संवाददाता, करनाल : दो दिन से हो रही बरसात से किसानों की बांछे खिली हुई हैं, एक तरफ बरसात से जहां धान की फसलें लहलहा रही हैं, दूसरी तरफ शहर में जलभराव जैसी समस्याओं से लोग खासे परेशान हैं। सोमवार रात से ही बरसात का सिलसिला शुरू हो गया था। मंगलवार सुबह भी बूंदाबांदी का दौर जारी रहा। क्षेत्र में 24 घंटे में 58.6 एमएम बरसात दर्ज की गई है। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक बरसात का यह सिलसिला जारी रहेगा।
बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं से मौसम में नमी बनी रहेगी। तापमान 30.0 डिग्री के आसपास बने रहने की संभावना है। 18 जुलाई तक मौसम संतुलित रहेगा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.0 डिग्री कम रहा। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.0 डिग्री कम था। सुबह के समय नमी की मात्रा 98 फीसद दर्ज की गई जो शाम को घटकर 79 फीसद रह गई। हवा 10 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली।