गर्मी और उमस ने किया बेहाल, बिजली कटों ने नींद की हराम
दिन में गर्मी व उसम और रात को बिजली कटों ने लोगों चैन छीन लिया है। दिन में तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
जागरण संवाददाता, करनाल : दिन में गर्मी व उसम और रात को बिजली कटों ने लोगों चैन छीन लिया है। दिन में तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। साथ ही उमस से लोगों का पसीना नहीं सूख रहा है। मंगलवार की रात को आरके पुरम एरिया, कृष्णा कॉलोनी, कृष्णा काम्प्लेक्स, शक्ति पुरम, बूढ़ाखेड़ा व मंगलपुर एरिया में तीन लंबे बिजली के कट लगे। बीच-बीच में बिजली आई तो लो वोल्टेज आई। जिससे ना तो पंखे चले ना कूलर और ना ही एसी चल पाए। रात भर लोग परेशान रहे। मानसून के हालात भी ऐसे बने हुए हैं कि अभी आसपास बरसात नहीं दिख रही है। जून माह में तो अब पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावनाएं नहीं बन पा रही हैं।
बुधवार को न्यूनतम तापमान भी बढ़ोतरी के साथ 28.4 डिग्री पर पहुंच गया। सुबह के समय नमी की मात्रा 81 फीसद दर्ज की गई जो शाम को घटकर 56 फीसद रह गई। हवा 3.6 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में मौसम साफ रहेगा। गर्मी और सताएगी। जून में अब और बरसात की संभावना नहीं है। पूरा महीना सूखा ही निकला है। चिकित्सकों ने कहा गर्मी के मौसम में खान-पान का रखें विशेष ध्यान
- गर्मियों में शरीर को ठंडा रखने के लिए छाछ बहुत ही अच्छी होती है। ये शरीर में चुस्ती लाता है। इसे खाने के बाद लिया जाता है। क्योंकि ये पाचन में बहुत मददगार है।
-नारियल पानी गर्मियों के लिए सबसे बेहतर है। इसमें बहुत अधिक मात्रा में कैल्शियम, क्लोराइड और पोटाशियम पाया जाता है।
-खीरे को भी गर्मियों के लिए बहुत परफेक्ट माना जाता है। इसमें पानी की मात्रा बहुत अधिक होती है। ये आयली त्वचा को ठीक करता है। खीरा गर्मियों में होने वाले गैस, एसीडिटी, सीने में जलन की समस्याओं को भी दूर करता है।
-कटहल गर्मियों में खूब पाया जाता है और ये बढ़े हुए ब्लड प्रेशर को कम करने में मददगार है।
-आम सबको बहुत पसंद आता है और गर्मियों में खूब मिलता है। इसे भरपूर मात्रा में विटामिन सी और आयरन पाया जाता है। ये गर्भवती महिलाओं के लिए भी बहुत अच्छा है।
-तरबूज का सेवन भी कर सकते हैं, यह शरीर में पानी की कमी को पूरा करता है। गर्मियों के मौसम में इसका अधिक सेवन शरीर के लिए फायदेमंद होता है। इसमें सोडियम, पोटाशियम और विटामिन बी भी पाया जाता है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप