पंडित श्रीराम की स्मृति में हवन
अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य महान दार्शनिक थे।
जागरण संवाददाता, करनाल: अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य महान दार्शनिक और समाज सुधारक थे। ये विचार गायत्री उपासक चौधरी शक्ति सिंह एडवोकेट ने रविवार को उनकी स्मृति में आयोजित गायत्री हवन यज्ञ के दौरान श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि पंडित मदनमोहन मालवीय ने श्रीराम शर्मा को यज्ञोपवीत संस्कार करके गायत्री महामंत्र की दीक्षा दी थी। दीक्षा लेने के उपरांत पंडित श्रीराम शर्मा ने कई वर्ष तक 24 लाख गायत्री महामंत्र प्रतिवर्ष का जाप किया। वह चार बार हिमालय पर्वत गए। हरिद्वार में शांतिकुंज की स्थापना की और यहीं से अखिल विश्व गायत्री परिवार की शुरुआत की थी। उन्होंने दो जून 1990 को गायत्री जयंती पर अपने प्राण त्याग दिए थे। आज दुनियाभर में उनके करोड़ों अनुयायी एवं प्रशंसक हैं।