गैन कल्चर गानों पर बैन के बाद अब मंच पर हथियार का दिखावा, विवादों से फिर घिरे हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा
करनाल में एक कार्यक्रम के दौरान हरियाणवी गायक मासूम शर्मा रिवाल्वर और कारतूस बेल्ट के साथ मंच पर पहुंचे, जिससे ...और पढ़ें

विवादों से फिर घिरे हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा (फाइल फोटो)
HighLights
गायक मासूम शर्मा करनाल में रिवाल्वर और कारतूस बेल्ट के साथ दिखे
उन्होंने पाखंड के खिलाफ बोलते हुए सरकार और नेताओं को घेरा
मासूम शर्मा पर पहले भी गन कल्चर को बढ़ावा देने के आरोप लगे हैं
जागरण संवाददाता, करनाल। शुरू से ही विवादों से घिरे हरियाणवी गायब मासूम शर्मा अब एक और विवाद में आ गए हैं। बुधवार को करनाल के सेक्टर 6 आर्य समाज में पाखंड के खिलाफ हुए सम्मेलन में मासूम शर्मा ओपनली रिवाल्वर टांग कर पहुंचे।
इतना ही नहीं मंच पर सम्मानित होने से लेकर अपने भाषण तक के दौरान उन्होंने अपने गले में कारतूस की बैल्ट लगाकर रखी और अपनी कमर पर पिस्तौल टांगे रखा।
आर्य समाज की ओर से आयोजित ‘पाखंड खंडन एवं जन चेतना सम्मेलन’ में रिवाल्वर को देखकर एक दम से सभी हैरान रह गए। कार्यक्रम में हरियाणवी लेखक हेरी लाठर भी पहुंचे।
बता दें कि इससे पहले भी मासूम शर्मा पर गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गाने बनाने के आरोप लगते रहे हैं।
हरियाणा सरकार द्वारा गन कल्चर को बढ़ाने देने वाले मासूम शर्मा 20 गानों को बैन किया जा चुका है।पुलिस की ओर से इन गानों के लिरिक्स को गन कल्चर को बढ़ावा देना वाला बताया गया था।
पाखंड वालों को जूत मारो
कार्यक्रम के दौरान मासूम शर्मा ने पाखंड पर हमला बोला और यहां तक कह दिया कि पाखंड करने वालों को जूत मारने चाहिए। खासकर युवाओं को जागरूक होने की जरूरत है और पाखंड के खिलाफ मुहिम चलानी चाहिए।
मासूम शर्मा ने कहा कि उन्हें और हेरी लाठर को लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया स्टोरी में पाखंडवाद के पोस्टर फाड़ने की अपील की थी। इसके बाद कुछ लोगों ने पोस्टर फाड़े। इसके बाद कुछ गरीब लोगों को कानूनी नोटिस भेजे गए और थाने में कार्रवाई की धमकी दी गई।
सरकार और नेताओं पर साधा निशाना
पाखंड को लेकर मासूम शर्मा ने सरकार और नेताओं पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि नेता लोग और सरकार अपनी वोट बैंक के चक्कर में बाबाओं और ढोंगियों का साथ देते हैं।
किसी विधानसभा क्षेत्र में किसी बाबा के समर्थकों की दो-चार हजार वोट हो सकती है, लेकिन सनातन की रक्षा के लिए लाखों लोग खड़े हैं, उनका भी तो वोट बैंक है। नेताओं को बाबाओं के दरबार में जाना बंद करना होगा, तभी उनकी दुकान बंद होगी।
मैं व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, पाखंड के खिलाफ हूं: मासूम शर्मा
मासूम शर्मा ने कहा कि उन्होंने पाखंडवाद के खिलाफ ‘फिल्मी बाबे’ और ‘तत्वदर्शी’ नाम से गाने बनाए हैं। इन गानों की लोकप्रियता से पता चलता है कि इन बाबाओं का जितना प्रभाव माना जाता है, उतना नहीं है।
एक सवाल के जवाब में मासूम शर्मा ने कहा कि कुछ लोग उनके गानों को रामपाल से जोड़कर देखते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी गाने में रामपाल का नाम नहीं लिया है। उनके गाने किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि पाखंडवाद के खिलाफ हैं।
गायक कर्मबीर फौजी के हथियार हो चुके जब्त
बता दें कि 14 सितंबर को हरियाणवी गायक कर्मवीर फौजी और उनकी बेटी शीतल एक यूनिवर्सिटी हुए कार्यक्रम में लाइसेंसी रिवाल्वर टांग कर पहुंचे थे। तब पुलिस ने दोनों गन जब्त कर ली थी। कैथल एसपी ने डीसी को पत्र लिखकर फौजी का गन लाइसेंस रदद् करने के लिए सिफारिश कर रखी है।
हथियार का प्रदर्शन नहीं कर सकते: एडवोकेट आर्य
करनाल के सीनियर अधिवक्ता हरिश आर्य ने बताया कि जिस व्यक्ति के पास गन लाइसेंस होता है। वह उसकी सुरक्षा के लिए होता है। वह उस हथियार का प्रदर्शन नहीं कर सकता। उसे सार्वजनिक स्थान, धार्मिक स्थान, स्कूल, कालेज, विश्वविद्यालय, एयरपोर्ट आदि स्थानों पर नहीं लेजा सकता।
