हरियाणा: 15 सितंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू, किसानों ने रखी 600 रुपये प्रति क्विंट गन्ने के रेट की शर्त
किसान यूनियन और गन्ना एक्शन कमेटी ने गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने और 15 सितंबर से धान खरीद शुरू करने की मांग की है।

गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग, 15 सितंबर से धान खरीद शुरू करने पर जोर
HighLights
गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग
15 सितंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू करने पर जोर
3 सितंबर को रादौर में किसान महापंचायत का आयोजन
जागरण संवाददाता, करनाल। किसान यूनियन एवं गन्ना एक्शन कमेटी की बैठक बुधवार को किसान भवन में हुई। इसमें किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। किसानों ने गन्ने का भाव बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करने, धान की सरकारी खरीद 15 सितंबर से शुरू करने और राइस मिलों से जुड़े खरीद संबंधी मुद्दों का समय रहते समाधान करने की मांग उठाई।
बैठक को संबोधित करते हुए किसान नेता रामपाल चहल, मनजीत सिंह और राहुल कलसौरा ने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिलना चाहिए। साथ ही धान की खरीद शुरू होने से पहले मंडियों और खरीद एजेंसियों से जुड़े सभी प्रबंध पूरे किए जाने चाहिए, ताकि सीजन के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
गन्ना एक्शन कमेटी के प्रधान एवं वरिष्ठ किसान नेता रामपाल चहल ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के ब्लाक अध्यक्ष मनजीत सिंह ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए गन्ने का वर्तमान भाव पर्याप्त नहीं है। चीनी के दाम बढ़ रहे हैं तो उसी अनुपात में गन्ने का मूल्य भी बढ़ाया जाना चाहिए।
किसान नेताओं ने बताया कि मांगों को लेकर तीन सितंबर को रादौर, यमुनानगर में किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी। इसमें भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी सहित हरियाणा के कई किसान नेता हिस्सा लेंगे।
राहुल कलसौरा ने कहा कि धान की सरकारी खरीद समय पर शुरू होने से मंडियों में फसल की आवक को व्यवस्थित किया जा सकेगा। बैठक में तेजपाल, गुरनाम सिंह, ऋषिपाल, रोशन लाल, राजपाल, प्रवीण कुमार, धर्म सिंह और जयपाल सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
