बल्ले-बल्ले! हरियाणा में हर बस स्टैंड पर लगेंगे इलेक्ट्रिक वाहनों के चार्जिंग प्वाइंट, नायब सरकार का बड़ा फैसला
हरियाणा के बस स्टैंड अब ई-स्कूटी और इलेक्ट्रिक कारों के लिए चार्जिंग सुविधा से लैस होंगे। यह कदम इलेक्ट्रिक वाहनों ...और पढ़ें

अब बस स्टैंड पर ई-स्कूटी और कार भी होंगी चार्ज, प्रदेशभर में बनेंगे चार्जिंग प्वाइंट।
HighLights
बस स्टैंड पर ई-स्कूटी, इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग सुविधा
इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की सरकारी पहल
यात्रियों को अब अलग चार्जिंग स्टेशन नहीं तलाशने होंगे
विशाल कौशिक, करनाल। इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए अब प्रदेश के बस स्टैंड भी चार्जिंग सुविधा से लैस किए जाएंगे। सरकार के निर्देश पर रोडवेज मुख्यालय के माध्यम से प्रदेशभर के बस स्टैंड पर ई-स्कूटी और इलेक्ट्रिक कारों के लिए चार्जिंग प्वाइंट स्थापित करने की तैयारी शुरू हो गई है।
इसके लिए मुख्यालय की ओर से विभाग से लोकेशन मांगी गई है, जोकि विभाग ने दे दी है। अब कब तक प्वाइंट लगेंगे इसके लिए समय निर्धारित नहीं है। यात्रियों की संख्या और अनुमानित मांग के आधार पर प्रत्येक जिले में चार्जिंग प्वाइंट की संख्या निर्धारित की जाएगी।
करनाल में नए बस स्टैंड पर एक चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार चार्जिंग प्वाइंट लगाने के लिए जगह का निरीक्षण किया जा चुका है। पहले से ही बस स्टैंड पर इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए चार्जिंग व्यवस्था मौजूद है, लेकिन अब इसका दायरा बढ़ाते हुए निजी इलेक्ट्रिक वाहनों को भी सुविधा देने की तैयारी है। बता दें कि अभी हर जिले में एक-एक चार्जिंग प्वाइंट लगेगा। लेकिन भविष्य में इनकी संख्या बढा़ना मुख्यालय का काम होगा।
यात्रियों को नहीं तलाशना पड़ेगा अलग चार्जिंग स्टेशन
ई-स्कूटी या इलेक्ट्रिक कार से बस स्टैंड पहुंचने वाले यात्रियों को वाहन चार्ज कराने के लिए अलग स्टेशन तलाशने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बस स्टैंड पर कुछ समय रुकने के दौरान वाहन चार्ज किया जा सकेगा। इससे विशेष रूप से उन यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है, जो इलेक्ट्रिक वाहनों से आवागमन करते हैं।
यात्रियों की संख्या के आधार पर होगा विस्तार
रोडवेज मुख्यालय की ओर से प्रदेश के सभी जिलों में बस स्टैंड की यात्री संख्या, उपलब्ध स्थान और अनुमानित उपयोग के आधार पर चार्जिंग प्वाइंट की संख्या तय की जाएगी। अधिकारियों की टीम निरीक्षण के दौरान बिजली कनेक्शन, स्थान और वाहन आवागमन समेत अन्य तकनीकी पहलुओं का आकलन कर रही है। एस्टिमेट तैयार होने के बाद इसी आधार पर चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे।
इलेक्ट्रिक वाहनों को मिलेगा बढ़ावा
बस स्टैंड पर चार्जिंग सुविधा उपलब्ध होने से सार्वजनिक परिवहन केंद्रों पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए आधारभूत ढांचा मजबूत होगा। सरकार की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने की नीति के तहत इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
आने वाले समय में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ चार्जिंग प्वाइंट की संख्या में भी विस्तार किया जा सकता है। करनाल में नए बस स्टैंड पर प्रस्तावित चार्जिंग प्वाइंट से शहर और आसपास के क्षेत्र के ई-वाहन चालकों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
लोकेशन मांगी गई है
रोडवेज डिपो करनाल के जीएम कुलदीप सिंह ने बताया कि बस स्टैंड पर चार्जिंग प्वाइंट लगाया जाना है, इसके लिए लोकेशन मांगी गई है। अब कब तक चार्जिंग प्वाइंट लगेंगे कुछ नहीं कहा जा सकता। समय निर्धारित नहीं है।
