विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 25, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कौन हैं हरविंदर कल्याण, घरौंडा से लगा चुके हैं जीत की हैट्रिक; हरियाणा विधानसभा के बनाए गए नये स्पीकर

Published: Fri, 25 Oct 2024 01:34 PM (IST)Updated: Fri, 25 Oct 2024 01:50 PM (IST)

हरविंदर कल्याण ने हरियाणा विधानसभा के नए अध्यक्ष के रूप में आज शपथ ली है। तीन बार करनाल की घरौंडा ...और पढ़ें

हरियाणा विधानसभा के नए अध्यक्ष हरविंदर कल्याण
हरियाणा विधानसभा के नए अध्यक्ष हरविंदर कल्याण

जागरण संवाददाता, पंचकूला। हरियाणा में 15वीं विधानसभा का विशेष सत्र आज रखा गया है। करनाल के घरौंडा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हरविंदर कल्याण ने अपना पदभार संभाल लिया है। हरविंदर कल्याण रोड समाज से आते हैं। नायब सैनी मंत्रिमंडल में रोड समाज से किसी भी विधायक को स्थान नहीं मिल पाया था। इसके बाद ऐसी संभावना था की हरविंदर कल्याण को ही स्पीकर बनाया जा सकता है।

हरविंदर कल्याण को अध्यक्ष बनाने के मुख्य कारण

  • करनाल की घरौंडा सीट से लगातार तीसरी बार जीतकर विधायक बने।
  • हरविंदर कल्याण रोड समाज से आते हैं। मंत्रिमंडल में एक भी मंत्री रोड समाज से नहीं था, ऐसे में कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें ये पद दिया जा सकता है।
  • एक कारण हरियाणा के पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के खास और करीबी होने का भी हो सकता है।
  • करनाल सीट भारतीय जनता पार्टी के लिए काफी खास रही है। इस सीट के सभी विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी ने जीत हासिल की है।

नए विधानसभा अध्यक्ष का कुछ ऐसा है सियासी सफर

57 साल के हरविंदर कल्याण ने सिविल इंजीनियरिंग की हुई है। उनके पिता चौधरी देवी सिंह ने चौधरी देवीलाल के साथ सक्रिय राजनीति की और चुनाव भी लड़े।

हरविंदर कल्याण  वर्ष 2014 व 2019 में भाजपा से विधायक रहे। कल्याण पर पार्टी नेतृत्व ने 2024 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार भरोसा जताया, जिस पर वह खरे भी उतरे।

जब मनोहर लाल हरियाणा मुख्यमंत्री बने थे तब हरविंदर कल्याण को मंत्री बनाने की मांग उठी थी। हालांकि, ऐसा नहीं हो पाया था। इस बार भी कल्याण के मंत्रिमंडल में शामिल होने की चर्चा थी लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।

पिछले दो कार्यकाल की उपलब्धियां

  • क्षेत्र में कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू कराए। इनमें रिंग रोड, मेडिकल यूनिवर्सिटी और एनसीसी अकादमी प्रमुख।
  • भाजपा संगठन और प्रदेश के प्रमुख नेताओं से अच्छा समन्वय। क्षेत्र में कोई विरोध या अंतर्विरोध नहीं।
  • मिलनसार स्वभाव। आम लोगों से नियमित संवाद। अच्छे वक्ता। कोई विवाद नहीं। घरौंडा क्षेत्र में अच्छी आबादी वाली रोड बिरादरी से हैं, जिसका अच्छा समर्थन हासिल है।

पूर्ण बहुमत से बनी बीजेपी की सरकार

गौरतलब है कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव में 90 में से 48 सीटें जीतकर विजयी परचम लहराया है। सीएम पद का शपथ ग्रहण समारोह तो पहले ही पंचकूला में पीएम की मौजूदगी में हो चुका है अब सबकी नजरें नए हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष पर थीं। अब विधायक हरविंदर कल्याण को हरियाणा विधानसभा का अध्यक्ष और कृष्ण मिड्ढा को उपाध्यक्ष चुन लिया गया है।