भक्त के वश में हैं भगवान : भक्ति प्रिया
कथा में प्रवचन करते हुए बाल व्यास भक्ति प्रिया महाराज ने कहा कि संसार में सब कुछ संभव है किसी वस्तु का अभाव नहीं है। अभाव है तो हमारे-आपके भाव में है।
संवाद सहयोगी, तरावड़ी : श्रीराम सेवा मंडल की ओर से डेयरी मोहल्ला स्थित महाबीर मंदिर में श्रीराम कथा महोत्सव का समापन हो गया। श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। समाजसेवी और गणमान्य लोगों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कथा में प्रवचन करते हुए बाल व्यास भक्ति प्रिया महाराज ने कहा कि संसार में सब कुछ संभव है, किसी वस्तु का अभाव नहीं है। अभाव है तो हमारे-आपके भाव में है। क्योंकि भगवान तो भाव के वश में होते हैं। रामकथा से हमें संस्कारों की शिक्षा मिलती है। पिता की आज्ञा पाकर राम का वन में जाना, भरत द्वारा भाई के सम्मान में राजपाट को त्याग देना जैसे प्रसंग युगों तक मानव समाज को प्रेरणा देते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि सत्संग एक ऐसा माध्यम है, जहां पर हम श्रीराम के नाम का जाप कर सकते हैं। श्रीराम कथा के श्रवण मात्र से ही जन्मों-जन्मों के पापों से मनुष्य को छुटकारा मिल जाता है। कथा की समाप्ति पर भक्ति प्रिया महाराज को श्रीराम सेवा मंडल की ओर से स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर रामसिंह नंबरदार, दौलत राम पहलवान, मंडल अध्यक्ष गणेश दास खट्टर, गुलशन सेतिया, सतीश सरदाना, बलदेव गिरधर, बीडी अरोड़ा, मदन सचदेवा, जशन चौहान, गीता चौहान, सुषमा चावला, दर्शना पाहूजा, सतपाल व विजय कुमार आदि मौजूद रहे।