इंद्री से लाडवा तक जाने वाली सड़क होगी फोरलेन
संवाद सहयोगी इंद्री मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इंद्री हलके की जनता को करनाल से लाडवा की ओ
संवाद सहयोगी, इंद्री : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इंद्री हलके की जनता को करनाल से लाडवा की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग को अब लाडवा तक फोरलेन बनाने की घोषणा की और यह इस क्षेत्र के लोगों के लिए सौगात है। पहले यह मार्ग करनाल से इंद्री के खानपुर गांव के समीप तक ही स्टेट हाईवे को फोरलेन बनाया जा रहा था। मुख्यमंत्री इंद्री में नगरपालिका कार्यालय में आयोजित पार्षदों व कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि उन्हें बहुत ही खुशी हो रही है कि यहां पर एक सुंदर नगर पालिका के भवन का निर्माण किया गया है। अब इन्द्री विधानसभा क्षेत्र में करीब साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भव्य शॉपिग कांप्लेक्स व नगर पालिका भवन का निर्माण किया गया है जिसमें नवनिर्मित शॉपिग कांप्लेक्स के निर्माण पर दो करोड़ 19 लाख और नगर पालिका कार्यालय भवन पर दो करोड़ 23 लाख रुपये की लागत आई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में नगर पालिका के भवन व शॉपिग कांप्लेक्स को बनाने की घोषणा की गई थी और अब बहुत ही सुंदर भवन व शॉपिग कांप्लेक्स बनकर तैयार हो गया है।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका भवन में एक हिस्सा व्यवसायिक रूप से बनाया गया है। जिससे नगरपालिका की आमदनी होगी और इस आमदनी से छोटे-छोटे खर्चों की पूर्ति की जा सकेगी। सरकार ऐसे प्रोजेक्टों की घोषणा कर आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पैसे की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
इस अवसर पर उपायुक्त निशांत कुमार यादव, एसडीएम, तहसीलदार दर्पण काम्बोज, नगर पालिका चेयरपर्सन शिवानी गोयल, अमित गोयल, ऋषिपाल काम्बोज, चरण सिंह मढ़ान, सुमेर चन्द मुरादगढ, अमनदीप सिंह विर्क, रणबीर गोयत, महिदर पाल तोमर, नगर पालिका सचिव देवेन्द्र नरवाल, बीडीपीओ अंग्रेज सिंह मोर उपस्थित रहे।
-------------------
सीएम का किया आभार जाहिर
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक रामकुमार कश्यप ने चाय का निमंत्रण दिया था, लेकिन कार्यकर्ताओं की उमडी भीड़ को देखकर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्साह का कारण क्या है, इस पर आवाज आई की बीसीए वर्ग के लोगों के लिए पंचायती राज संस्थाओं में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए जो आरक्षण दिया है वह काबिले तारीफ है। इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया।
सरकार करवा रही पूरे राज्य में समान विकास-कश्यप
इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें बहुत ही खुशी हो रही है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल उनके विधानसभा क्षेत्र में आए। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा पूरे राज्य में विकास कार्य पूर्ण किए जा रहे हैं।