फसल अवशेष जलाने वाले 13 किसानों के खिलाफ एफआइआर, 14 से वसूला जा चुका जुर्माना
संवाद सहयोगी घरौंडा फसल अवशेषों में आग लगाने वाले किसानों पर कृषि विभाग सख्त है। नियमों
संवाद सहयोगी, घरौंडा : फसल अवशेषों में आग लगाने वाले किसानों पर कृषि विभाग सख्त है। नियमों की अवहेलना करने वाले किसानों से कृषि विभाग न सिर्फ जुर्माना वसूल कर रहा है, बल्कि जुर्माना न देने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी कर रहा है। अब तक विभाग ने 13 किसानों के खिलाफ एफआइआर करवाई है, जबकि 14 से जुर्माना वसूला गया है। कृषि अधिकारियों का कहना है कि फसल अवशेषों में लगाई गई आग न सिर्फ जमीन के उपजाऊपन को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि पर्यावरण में भी जहर घोलती है। शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में आगजनी की घटनाएं कृषि विभाग के पास हरसेक के माध्यम से पहुंचती है। लोकेशन मिलने के बाद कृषि अधिकारी मौके का मुआयना करते है और संबंधित किसान के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाते है। कृषि विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, अभी तक 88 लोकेशन मिली है। इन सभी लोकेशन को कृषि विभाग की टीम ने ट्रैस कर लिया है। 88 लोकेशनों में से 68 फायर किसानों द्वारा खेतों में की गई है। इन जगहों पर किसानों ने अवशेषों में आग लगाई है, जबकि 20 लोकेशन खेतों की नहीं थी, यह आगजनी किसी कचरे के ढेर या फिर किसी अन्य स्थान पर हुई थी।
खंड कृषि अधिकारी डा. राहुल दहिया ने बताया कि फसल अवशेषों में आग लगाने वाले किसानों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। 14 किसानों से ढाई हजार रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से 35 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया है। जबकि 13 किसान ऐसे है जिन्होंने जुर्माना नहीं दिया, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि किसान अपने खेतों के फानों को न जलाएं, इससे मित्र किट नष्ट हो जाते हैं साथ ही पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुंचता है।