किसान सुलतान सिंह का अभिनंदन करेगा रोड़ समाज
बुटाना गांव के किसान सुलतान सिंह को 16 मार्च को राष्ट्रपति भवन में पदमश्री अवार्ड से नवाजा जाएगा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविद उन्हें यह अवार्ड देंगे। मछलीपालन के क्षेत्र में देश-विदेश में बेहतरीन कार्य करने के लिए सुलतान सिंह को यह अवार्ड देने का निर्णय लिया गया है। सुलतान सिंह की उपलब्धि से बुटाना गांव के साथ-साथ करनाल जिला और पूरे हरियाणा में खुशी का माहौल है।
जागरण संवाददाता, करनाल : करनाल के बुटाना गांव के किसान सुलतान सिंह को 16 मार्च को राष्ट्रपति भवन में पदमश्री अवार्ड से नवाजा जाएगा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविद उन्हें यह अवार्ड देंगे। मछलीपालन के क्षेत्र में देश-विदेश में बेहतरीन कार्य करने के लिए सुलतान सिंह को यह अवार्ड देने का निर्णय लिया गया है। सुलतान सिंह की उपलब्धि से बुटाना गांव के साथ-साथ करनाल जिला और पूरे हरियाणा में खुशी का माहौल है।
रोड़ महासभा के पूर्व प्रधान नसीब सिंह कारसा व पवन ढाकला ने बताया कि सुलतान सिंह के सम्मान में रोड़ समाज की ओर से अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जाएगा। 16 मार्च को दोपहर तीन बजे पानीपत की रोड़ धर्मशाला में सम्मान समारोह होगा। शाम चार बजे करनाल की रोड़ धर्मशाला में समारोह का आयोजन किया जाएगा। पवन ढाकला ने सुलतान सिंह और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि सुलतान सिंह ने हरियाणा के किसानों का सिर गर्व से उंचा किया है। वह मछलीपालन के व्यवसाय में लगभग 35 सालों से काम कर रहे हैं। उन्होंने हजारों लोगों को मछली पालन का प्रशिक्षण भी दिया है।
पवन ढाकला ने बताया कि सुलतान सिंह का जन्म बुटाना गांव में वर्ष 1963 में हुआ था। उनके परिवार के लोग शुरू से ही परंपरागत खेती करते हैं, लेकिन सुलतान सिंह ने बीए की पढ़ाई के दौरान ही मछली पालन की ओर काम करना शुरू कर दिया। इसके बाद वह केवीएफ के संपर्क में आए, जहां डॉ. मारकंडे ने उन्हें मछली बीज उत्पादन का प्रशिक्षण दिया। सुलतान सिंह ने उत्तर भारत की पहली मछली बीज हैचरी का निर्माण किया तथा बीज बेचने का काम शुरू कर दिया। इसके अलावा उन्होंने राजस्थान तथा महाराष्ट्र में भी डैम को पट्टे पर लेकर काम शुरू किया हुआ है।