नगर निगम के काउंटरों पर लाइनों में घंटों खड़े हो रहे बुजुर्ग
समय सुबह 11.35 बजे और कमिश्नर राजीव मेहता को समस्या बताने के लिए बारी का इंतजार करते हुए लोग। डीएमसी धीरज कुमार और नगर निगम कमिश्नर राजीव मेहता ने समस्याओं सुना और हल करने आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, करनाल : समय सुबह 11.35 बजे और कमिश्नर राजीव मेहता को समस्या बताने के लिए बारी का इंतजार करते हुए लोग। डीएमसी धीरज कुमार और नगर निगम कमिश्नर राजीव मेहता ने सुबह लोगों की समस्याओं सुना और हल करने आश्वासन दिया। इस दौरान कुछ समस्याएं वैध हुई कॉलोनियों में निकासी को लेकर थीं। इस दौरान स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की टीम भी निगम आयुक्त से चर्चा करने के लिए पहुंची। दूसरी तरफ, काउंटर पर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और हाउस टैक्स जमा करवाने वाले लोगों की लंबी लाइन लगी रही। नगर निगम अधिकारी अभी तक प्रॉपर्टी टैक्स की समस्याओं का निवारण नहीं कर पा रहे हैं।
फार्म भरने में आ रही परेशानी
शहर के लोगों की सहूलियत के लिए प्रॉपर्टी टैक्स ऑनलाइन कर दिए हैं। बावजूद लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को ऑनलाइन टैक्स भरने में दिक्कतें आ रही हैं। उनसे पुरानी रसीदें मांगी जा रही हैं। शाम नगर निवासी राजबाला ने बताया कि हाउस टैक्स की रसीद मंगलवार को कर्मचारी घर देकर गया है। कार्यालय के काउंटरों पर कर्मचारी फार्म नहीं भर रहे हैं। लंबी लाइनें लगी हुई हैं और हेल्प डेस्क भी नहीं बनाई जा रही है।
लाइन में घंटों खड़े हो रहे बुजुर्ग
पुरानी अनाजमंडी क्षेत्र निवासी कृष्णा ने बताया कि बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए नगर निगम की ओर से हाउस टैक्स जमा करवाने के लिए सुविधा नहीं दी जा रही है। बुजुर्गों को लंबी लाइन में लगना पड़ रहा है और कुर्सियों की भी व्यवस्था नहीं की गई है। स्मार्ट प्रोजेक्ट पर काम करने वाले अधिकारी कार्यालय में वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए एक भी काम नहीं कर पा रहे हैं। सुबह दस बजे से यहां टैक्स जमा करवाने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है।
वर्षों पुरानी पेयजल सप्लाई
अशोक कॉलोनी के राजेंद्र कुमार ने बताया कि कॉलोनी वैध होने के बावजूद अभी तक समस्याओं का हल नहीं हुआ है। वर्षों पुरानी पेयजल पाइप बदलना नगर निगम के लिए मुश्किल हो रहा है। निगम कमिश्नर से मुलाकात करते समस्याओं संबंधित मुलाकात के लिए आए हैं। उम्मीद है निगम कमिश्नर व मेयर उनकी समस्याओं का हल निकाल सकेंगी।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप