प्रदेश में लूट की खुली छूट: दीपेंद्र
जागरण संवाददाता करनाल कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि अपने हक के लिए आंदोलन
जागरण संवाददाता, करनाल : कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि अपने हक के लिए आंदोलन कर रहे किसानों को देशद्रोही कहने वालों को देश कभी माफ नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा पिछले छह साल में देश-प्रदेश में विफल रही है। प्रदेश को एसवाईएल का हक दिलवाने में मुख्यमंत्री मनोहर लाल विफल रहे हैं।
करनाल आए कांग्रेस सांसद ने पूर्व विधायक नरेंद्र सांगवान के आवास पर संवाददाताओं से वार्ता में कहा कि प्रदेश में लूट की खुली छूट दी जा रही है। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि जब देश-प्रदेश कोरोना की मार सह रहा था, तब एक मंत्री अपने विभागों के माध्यम से प्रदेश को घोटालों के नाम पर लूट रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण हर तरफ हाहाकार मचा है। पीटीआइ बेरोजगार हो गए। गेस्ट शिक्षक परेशान हैं। बच्चों की स्कॉलरशिप बंद कर दी गई। इस कारण हर तरफ लोग दुखी हैं। उन्होंने कहा कि करनाल और जींद भ्रष्टाचार के गढ़ बन चुके हैं। करनाल तहसील इससे अछूती नहीं है। बरौदा चुनाव में जनता इसका हिसाब मांगेगी। भाजपा को पराजय का मुंह देखना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने नहर पाटने का काम किया है। इसे नहर पाटू सरकार कहें तो अतिश्योक्ति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि एसवाईएल के मामले में भाजपा और मुख्यमंत्री अपना रुख साफ करें।
सांसद दीपेंद्र ने आगे कहा कि मंडियों की व्यवस्था कमजोर हो जायेगी तो मंडियों से जुड़े मार्केटिग के लोगों को भारी आर्थिक चोट पहुंचेगी। हरियाणा को मंडी शुल्क से करीब 6 प्रतिशत मंडी शुल्क से राजस्व मिलता है। इसकी भरपाई कहां से होगी। भाजपा ने देश को खून-पसीने से सींचने वाले किसान वर्ग को देशद्रोही कहा है, ये किसी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। इस अवसर पर पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा, पूर्व मंत्री भीम मेहता, कांग्रेस के जिला संयोजक तरलोचन सिंह, राकेश काम्बोज, अनिल राणा, हरी राम साभा, सुबीर संधु, अमरजीत धीमान, धर्मपाल कौशिक, रणपाल संधु, सुरेुंद्र कलखन, नीटू मान आदि मौजूद रहे।