दिनभर गर्मी व लू ने झुलसाया, शाम को चली धूलभरी आंधी
दिनभर गर्मी व लू ने झुलसाया शाम को चली धूलभरी आंधी
जागरण संवाददाता, करनाल : गर्मी चरम पर पहुंच गई है। बुधवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिनभर भीषण गर्मी ने लोगों को झुलसा दिया। लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया। गर्मी से बचने के लिए दोपहिया वाहनों पर पूरे शरीर को कवर कर ही बाहर निकले। ज्यादातर लोगों ने गर्मी से बचने के लिए मुंह पर कपड़ा ढांपा हुआ था। इसके साथ हेलमेट भी लगाया हुआ था। लेकिन बावजूद इसके गर्मी ने लोगों को परेशान किया हुआ है। मौसम शुष्क हो गया है। न्यूनतम तापमान भी 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय नमी की मात्रा 44 फीसदी दर्ज की गई, जो शाम को घटकर 22 फीसदी रह गई। शाम करीब चार बजे 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चली। धूलभरी आंधी हालांकि कुछ समय तक ही चली, लेकिन इस समयावधि में वाहन चालक परेशान रहे। राहत की बात यह है कि आंधी के बाद तापमान में मामूली गिरावट जरूर दर्ज की गई है। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में बादल छा सकते हैं। 29 से 31 मई तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बरसात हो सकती है।