Move to Jagran APP

कार्यकर्ता और नागरिक मनोहर बनकर करें काम : सीएम

मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार को करनाल विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं और लोगों से रूबरू हुए।

By JagranEdited By: Published: Sun, 04 Aug 2019 09:15 AM (IST)Updated: Sun, 04 Aug 2019 09:15 AM (IST)
कार्यकर्ता और नागरिक मनोहर बनकर करें काम : सीएम
कार्यकर्ता और नागरिक मनोहर बनकर करें काम : सीएम

जागरण संवाददाता, करनाल

loksabha election banner

मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार को करनाल विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं और लोगों से रूबरू हुए। उन्होंने करीब 12 कार्यक्रम निर्धारित कर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने कार्यक्रमों में नागरिकों के बीच में जाकर कहा कि अगले दो महीने में विधानसभा चुनाव हैं। मुझे 75 प्लस के लिए प्रदेशभर में काम करना है, परंतु करनाल विधानसभा की जिम्मेदारी आप की रहेगी। लोगों ने दोनों हाथ खड़े करके मुख्यमंत्री को आश्वासन दिलाया कि करनाल में हम आपके नाम की सर्वसम्मति बनाने को तैयार हैं। नागरिकों की इस आवाज पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में ऐसा नहीं होता। मैं फिर भी इस भावना का आभार जताता हूं। उन्होंने आह्वान किया कि कार्यकर्ता और नागरिक मनोहर लाल बनकर करनाल विधानसभा क्षेत्र में कार्य करें। अब यह हमारी परीक्षा की घड़ी है, इतनी मेहनत करनी है कि अच्छे नंबर आ जाएं। लोगों को विकास कार्य याद दिलाएं

मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों की कड़ी में पहला कार्यक्रम डबरी गांव में सरदार अमरीक सिंह के फार्म पर था। सीएम ने कहा कि इस पांच वर्ष के कार्यकाल में बिना भेदभाव काम कराए गए हैं। जनमानस के लिए काम करने की कोशिश की गई। किसी सार्वजनिक कार्य के लिए कभी जवाब नहीं दिया। किसान, मजदूर, व्यापारी, दुकानदार और कर्मचारियों की बेहतरी के लिए अनेक योजनाएं बनाई। इसके बावजूद भी यदि किसी के सभी काम कर दिए जाएं और एक काम रह जाए तो लोग सभी किए कार्यों को छोड़कर एक काम की नाराजगी जताते हैं, परंतु भाजपा के कार्यकर्ताओं का फर्ज है कि वह ऐसे लोगों को जो काम हुए हैं उनकी याद दिलाएं। उन्होंने सिरसा में चार अगस्त को प्रदेश सरकार की ओर से गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव पर आयोजित प्रदेश स्तरीय समारोह में भाग लेने की अपील की। सर्वसम्मति से जीत लोकतंत्र में बाधा है तो जनता रिकार्ड मतों से जिताएगी

सेक्टर-14 डॉ. धूप सिंह दहिया के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लोगों की बातों को सुना। लोगों ने कहा कि करनाल विधानसभा क्षेत्र में सर्वसम्मति से चुनाव कराया जाएगा। यदि लोकतंत्र की मर्यादा के अनुसार ऐसा नहीं होता तो प्रदेश में करनाल विधानसभा क्षेत्र की जीत रिकार्ड मतों से जीत होगी। सभी लोगों ने कहा कि आप प्रदेश में 75 प्लस के लक्ष्य को हासिल करो, करनाल की जनता चुनाव में रिकार्ड मतों से जीत दिलाएगी। सीएम ने बढ़ाया आत्म-सम्मान

पूर्व पार्षद बलबीर चौहान, सुधीर यादव और अमित प्रधान, डॉ. धूप सिंह दहिया और डॉ. दलीप पाल ने कहा कि हमें तो सपने में भी जानकारी नहीं थी कि कभी हमारे घर में मुख्यमंत्री आएंगे और हमारी सुधबुध लेंगे। मुख्यमंत्री ने ऐसा करके उनके आत्म सम्मान को बढ़ाया है। यह रहे उपस्थित

इस दौरान ओएसडी अमरेन्द्र सिंह, मेयर रेनू बाला गुप्ता, भाजपा के जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद, भाजपा के जिला संयोजक अशोक सुखीजा, स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र, जल प्राधिकरण बोर्ड के सदस्य तेजिन्द्र सिंह तेजी और दीपक गुप्ता मौजूद रहे।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.