अपराधियों का बदलता स्वरूप सभ्य समाज में चुनौती : मनोज यादव
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने कहा कि वर्तमान में अपराध और अपराधियों का बदलता स्वरूप सभ्य समाज में एक चुनौती है। एक अच्छा पुलिस प्रशिक्षण इन चुनौतियों का पेशेवर और कुशल तरीके से सामना करने के लिए पुलिस को सक्षम बनाता है।
संवाद सहयोगी, घरौंडा : प्रदेश के पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने कहा कि वर्तमान में अपराध और अपराधियों का बदलता स्वरूप सभ्य समाज में एक चुनौती है। एक अच्छा पुलिस प्रशिक्षण इन चुनौतियों का पेशेवर और कुशल तरीके से सामना करने के लिए पुलिस को सक्षम बनाता है। पुलिस अकादमी में संसाधनों की उपलब्धता के लिए पुलिस मुख्यालय व सरकार द्वारा हर संभव सहायता की जाएगी। वे बुधवार को प्रशिक्षण को और अधिक उच्च स्तर का बनाने के लिए मधुबन पुलिस अकादमी की विभिन्न इकाइयों के प्रभारियों को संबोधित कर रहे थे।
मधुबन पुलिस अकादमी परिसर के निदेशक एवं प्रभारी एडीजीपी श्रीकांत जाधव तथा अकादमी व करनाल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक योगेंद्र सिंह नेहरा ने डीजीपी मनोज यादव का स्वागत किया। अकादमी के पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम ने अकादमी में चलने वाले विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे मे जानकारी दी तथा प्रशिक्षणार्थियों की विभागीय जानकारी प्रस्तुत की।
डीजीपी यादव ने कहा कि प्रशिक्षणार्थियों को कानूनी व शारीरिक दोनों स्तर पर आधुनिक बनाया जाएगा। यदि प्रशिक्षण कुशलतापूर्वक पूर्ण किया हो तो एक पुलिसकर्मी अपने कर्तव्य का निर्वहन करने में सक्षम हो सकता है। उन्होंने प्रशिक्षण स्तर को और अधिक बेहतर करने के लिए अनेक सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षणार्थियों को प्रैक्टिकल ट्रेनिंग के दौरान अभियोग के अनुसंधान के दौरान सभी पहलुओं की जांच, साक्ष्य इकट्ठा करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अधिक ध्यान देने को कहा, ताकि जब वे फील्ड में जाएंगे तो उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न आए।