चेयरमैन पर मनमानी का आरोप, विरोध में उतरे पंचायत समिति के सदस्य
ब्लॉक समिति के चेयरमैन की कुर्सी पर खतरे के बादल मंडराने लगे है। पंचायत समिति के सदस्यों ने चेयरमैन पर मनमानी व विकास कार्यो में भेदभाव करने के आरोप लगाए है।
संवाद सहयोगी, घरौंडा: ब्लॉक समिति के चेयरमैन की कुर्सी पर खतरे के बादल मंडराने लगे है। पंचायत समिति के सदस्यों ने चेयरमैन पर मनमानी व विकास कार्यो में भेदभाव करने के आरोप लगाए है। पंचायत समिति सदस्यों की नाराजगी के चलते पंचायत में हड़कंप की स्थिति है। विपक्षी सदस्यों ने जिला उपायुक्त से चेयरमैन के खिलाफ शिकायत करने का मन बना लिया है। पंचायत समिति का चेयरमैन बनने के विनोद त्यागी से सदस्य है। पंचायत समिति सदस्य कई बार चेयरमैन के खिलाफ लामबंद हो चुके है। लेकिन हर बार चेयरमैन पंचायत समिति के सदस्यों को मनाने में कामयाब हो जाते थे। समिति सदस्यों का आरोप है कि चेयरमैन सदस्यों के साथ विकास कार्यो को लेकर भेदभाव करते हैं। जब कभी विकास कार्यो के संदर्भ में बात की जाती है तो अभद्र व्यवहार शुरू हो जाता है। साथ पंचायत समिति मेंबर चेयरमैन पर विकास कार्यो में धांधली के भी आरोप लगा रहे है। पंचायत समिति मेंबर दयाल सिंह ने बताया कि सदस्य रीना रानी, संजय, इंद्रजीत, अमित कुमार, नीलम रानी के वार्डो में भेदभाव किया गया है। संजयनगर डेरे में धार्मिक स्थल गुरूद्वारे में शौचालय बनाए गए थे, जिनमें पुरानी ईंटों का इस्तेमाल किया गया है। कुछ गांवों में समिति द्वारा हैंडपंप अपने निजी चहेतों के घरों में लगवाए गए है। जिससे सरकार के पैसों का दुरूपयोग अपने निजी स्वार्थ में किया गया है। समिति का कोई भी सदस्य गलत कार्य करने से रोकता है तो चेयरमैन अपनी मनमर्जी से काम करने की बात कहता है। निर्माण कार्यों में लगाई गई घटिया सामग्री
पंचायत समिति चेयरमैन समिति सदस्यों के साथ भेदभाव करके अपनी मनमानी कर रहा है। तीन साल से जो भी कार्य करवाए गए है उनमें हल्की क्वालिटी का सामान लगाया गया है। लाखों रुपए के बेंच लगाए गए थे जोकि आधे से ज्यादा टूट चुके है। जिसमें घोटाला साफ नजर आ रहा है। इसको लेकर जिला उपायुक्त को शिकायत दी गई है।
-दयाल सिंह, सदस्य, ब्लॉक समिति घरौंडा। मुझे नहीं मिला कोई ग्रांट
सर्वसम्मति से चुने गए चेयरमैन को हर वार्ड में समान रूप से विकास करवाना होता है। लेकिन चेयरमैन लगभग डेढ़ दर्जन पंचायत समिति सदस्यों से भेदभावपूर्ण रवैया अपना रहे हैं। मुझे आज तक कोई भी ग्रांट नहीं दी गई। इसके अतिरिक्त चेयरमैन ने समिति सदस्यों को ग्रांट देने की बजाय सीधे ग्राम पंचायत को दे दिए। जिला उपायुक्त से इस बारे में पहले भी मिला गया है और अब दोबारा फिर से लिखित शिकायत की गई है।
-अमित कुमार, सदस्य, ब्लॉक समिति घरौंडा। ब्लॉक समिति में किसी से कोई भेदभाव नहीं किया जाता। सभी के साथ नम्र रवैये के साथ बात की जाती है। सभी मेंबरों के समान रूप से विकास कार्य करवाए जा रहे है। बेंचों में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है, बेंच अपने स्थान पर रखे हुए है। कुछ सदस्यों में थोड़ी बहुत नाराजगी हो सकती है, उसको दूर कर दिया जाएगा।
-विनोद त्यागी, चेयरमैन ब्लॉक समिति घरौंडा।