फसल अवशेषों में आग लगाने वाले 12 किसानों के खिलाफ मामला दर्ज
धान की कटाई के बाद फसल अवशेषों में आग लगाने पर कृषि विभाग ने घरौंडा क्षेत्र में एक ग्राम पंचायत सहित 12 किसानों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।
संवाद सहयोगी, घरौंडा : धान की कटाई के बाद फसल अवशेषों में आग लगाने पर कृषि विभाग ने घरौंडा क्षेत्र में एक ग्राम पंचायत सहित 12 किसानों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। सैटेलाइट के जरिये प्राप्त सूचना के आधार पर विभाग के अधिकारियों ने राजस्व विभाग की टीम के साथ मौका मुआयना किया। कृषि विभाग को 44 किसानों द्वारा पराली जलाए जाने की जानकारी मिली थी, जिसमें से 35 को चिन्हित किया गया। आरोपितों के किला नंबर के आधार पर मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
प्रदेश सरकार ने खेतों में फसल अवशेष जलाने पर रोक लगाई हुई है, लेकिन इसके बावजूद बहुत से किसान पराली को आग के हवाले कर रहे हैं। कृषि विभाग की शिकायत पर पुलिस ने चौरा निवासी किसान जगन्नाथ, हरबंस लाल, नरेंद्र कुमार, बसी अकबरपुर निवासी राकुमार, घरौंडा निवासी महेंद्र सिंह, बरसत निवासी धर्मपाल, बल्हेड़ा निवासी ऋषिपाल, बसी निवासी नरेश कुमार, मलिकपुर निवासी मुकेश कुमार, खोराखेड़ी निवासी छन्नों देवी, गढ़ीखजूर निवासी गुरबचन सिंह व ग्राम पंचायत मलिकपुर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
खंड कृषि अधिकारी डा. राहुल दहिया का कहना है कि आरोपित किसानों ने फसल अवशेषों को आग के हवाले किया है। कृषि अधिकारियों की मानें तो हरसेक सैटेलाइट सिस्टम से क्षेत्र में एक्टिव फायर लोकेशन की सूचना मिली। इसके आधार पर राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ मौका मुआयना किया जाता है। उन खेतों का राजस्व रिकॉर्ड जांचा गया। उसके बाद विभाग ने पुलिस में रिपोर्ट की है। अवशेष की ताकत को समझें किसान
खंड कृषि अधिकारी डा. राहुल दहिया का कहना है कि फसल अवशेष जलाकर किसान पर्यावरण व जमीन दोनों को नुकसान पहुंचाता है। मित्र कीट खत्म हो जाते हैं। अवशेष प्रबंधन के लिए आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध हैं। इसके लिए जिले में कस्टम हायर सेंटर स्थापित किए गए हैं। अवशेष प्रबंधन से जमीन की ताकत बढ़ती है। किसानों को जागरूक रहना चाहिए। क्षेत्र में लागू धारा-144 व वायु प्रदूषण अधिनियम की उल्लंघना करने वालों पर कार्रवाई की गई है और आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।
थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि कृषि कार्यालय ने 12 किसानों के खिलाफ फसल अवशेष जलाने को लेकर शिकायत दर्ज करवाई है। विभिन्न गांवों के 12 किसानों सहित एक ग्राम पंचायत के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।