पर्यावरण संरक्षण के लिए पराली न जलाने की शपथ ली
दैनिक जागरण की पराली न जलाए मुहिम को लेकर हर वर्ग में जागरूकता पैदा हो रही है। गांव हैबतपुर में ग्रामीणों ने दैनिक जागरण के अभियान से जुड़ते हुए पराली नहीं जलाने की शपथ ली।
संवाद सूत्र, निगदू : दैनिक जागरण की पराली न जलाए मुहिम को लेकर हर वर्ग में जागरूकता पैदा हो रही है। गांव हैबतपुर में ग्रामीणों ने दैनिक जागरण के अभियान से जुड़ते हुए पराली नहीं जलाने की शपथ ली। इस दौरान ग्रामीणों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए पर्यावरण बचाने के लिए प्रेरित किया गया। धन सिंह, राजकुमार, सोनू, सीटू, राजेन्द्र, राजपाल ने कहा कि उनके गांव में काफी किसान धान की बिजाई करते हैं। हालांकि, पिछले वर्षों के मुकाबले अब पराली जलाने की घटनाओं में लगातार गिरावट आ रही है। इस तरह के जागरूकता अभियान का भी लोगों की सोच पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। अब किसान पराली जलाने की बजाए बेचने का प्रयास करते हैं। कुछ किसान तो पराली कटने से पहले ही बेच देते हैं और खरीदार पराली कटने के बाद लेकर जाता है। इससे किसान को कुछ आय हो जाती है, वहीं पराली खेत नहीं जलानी पड़ती।
गांव हैबतपुर के सरपंच राजपाल ने बताया कि धान के सीजन में प्रदूषण फैलने पर किसानों को अक्सर पराली के लिए कई बार बहुत कुछ कहा जाता है। पराली में आग लगाने से इससे उत्पन्न होने वाला धुआं पर्यावरण को नुकसान करता है और आमजन के साथ-साथ यह जीव-जंतुओं तथा पेड़-पौधों के लिए भी हानिकारक है। इससे जमीन में मौजूद मित्रकीट भी नष्ट हो जाते हैं तथा भूमि की उत्पादन क्षमता कम हो जाती है।