तांत्रिक ने बनाया विवाहिता को हवस का शिकार, मामला दर्ज
झाड़-फूंक के नाम पर तांत्रिक ने एक विवाहिता को अपनी हवस का शिकार बना लिया।
संवाद सहयोगी, घरौंडा : झाड़-फूंक के नाम पर तांत्रिक ने एक विवाहिता को अपनी हवस का शिकार बना लिया। ससुराल पक्ष ने भी विवाहिता को अपना मुंह बंद रखने की धमकी दे दी। महिला ने आपबीती अपने मायके वालों को बताई। पीड़िता ने मायके वालों के साथ थाने में शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तांत्रिक व ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला की शादी करीब आठ साल पहले हुई थी। पीड़िता के मुताबिक, बीती 10 नवंबर की रात उसके ससुर ने उपचार के लिए एक तांत्रिक को घर बुलाया। तांत्रिक ने घर के सभी सदस्यों को अलग-अलग कमरों में बैठा दिया। तांत्रिक ने एक कटोरी में चावल, नारियल, सिदूर आदि सामग्री रख दी और झाड़-फूंक शुरू कर दी। विवाहिता का आरोप है कि तांत्रिक ने कोई क्रिया की, जिसके बाद उसका नियंत्रण नहीं रहा। इसके बाद आरोपित तांत्रिक ने दुष्कर्म किया और चला गया। तांत्रिक ने धमकी दी कि यदि उसने यह बात किसी को बताई तो वह तंत्र विद्या से उसे जान से मार देगा।
पीड़िता ने जब यह बात अपनी सास को बताई तो उसने चुप रहने के लिए दबाव बनाया। जब उसने ससुर और अपने पति को आप बीती सुनाई तो उन्होंने मारपीट की और चुप रहने के लिए कहा। महिला ने यह बात अपने मायके वालों को बताई। मायके वालों ने पुलिस में जाकर तांत्रिक व ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत की। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तांत्रिक कृष्ण, ससुर भजनलाल, सास संतोष व पति राजेंद्र के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी कंवर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर तांत्रिक कृष्ण, महिला के पति राजेंद्र, ससुर भजनलाल व सास संतोष के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।